एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | नक्सलियों ने सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार के कर्मचारी की हत्या की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के कर्मचारी की हत्या कर दी है तथा निर्माण कार्य में लगे मशीनों में आग लगा दी।

देश की खबरें | नक्सलियों ने सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदार के कर्मचारी की हत्या की

सुकमा, 16 अप्रैल छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के कर्मचारी की हत्या कर दी है तथा निर्माण कार्य में लगे मशीनों में आग लगा दी।

सुकमा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि जिले के दोरनापाल और जगरगुंडा गांव के मध्य गोरगुंडा गांव के करीब नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार के मुंशी भास्कर की धनुष बाण से हत्या कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज शाम करीब 4.30 बजे हथियारबंद नक्सली गोरगुंडा गांव के करीब पहुंचे। गांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। नक्सलियों ने कर्मचारियों से कहा कि वह वहां से चले जाएं। बाद में उन्होंने जेसीबी मशीन में आग लगा दी।

उन्होंने बताया कि जब नक्सली वहां खड़े ट्रक में आग लगाने की कोशिश कर रहे थे तब भास्कर ने उन्हें रोकने की कोशिश की। तब नक्सलियों ने धनुष बाण मारकर उसकी हत्या कर दी। बाद में नक्सली वहां से फरार हो गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान में सुरक्षा बलों को रवाना किया गया है।

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में नक्सली वहां सड़क निर्माण कार्य का विरोध करते हैं। इस दौरान वह निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाते हैं और सुरक्षा बलों, ठेकेदारों, उनके कर्मचारियों पर हमला करते हैं तथा निर्माण कार्य में लगे वाहनों में आग लगा देते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 17, 2021 01:27 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).