देश की खबरें | बीजापुर में नक्सलियों ने पुलिस में भर्ती हुए अपने पूर्व साथी को मार डाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने नक्सली गतिवधि छोड़ पुलिस में भर्ती हुए अपने पूर्व साथी को मारने के बाद शव को जला दिया।
बीजापुर, 29 जनवरी छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने नक्सली गतिवधि छोड़ पुलिस में भर्ती हुए अपने पूर्व साथी को मारने के बाद शव को जला दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि जांगला थानाक्षेत्र के खोत्रपाल गांव में बृहस्पतिवार शाम नक्सलियों ने डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के कांस्टेबल सोमदू राम पोयाम उर्फ मल्लेश पर धारदार हथियार से हमला किया।
उन्होंने बताया कि इस हमले में पोयाम का भाई भी कथित रूप से शामिल था जो इलाके में माओवादियों का जन मिलिशिया कमांडर है।
अधिकारी के अनुसार 2014 में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) छोड़कर पोयाम डीआरजी में भर्ती हो गया था और वह यहां तैनात था।
उनके मुताबिक प्राथमिक जांच में सामने आया है कि पोयाम गांव में अपने रिश्तेदारों से मिलने गया था जहां उसके भाई समेत नक्सलियों ने उसे बुरी तरह पीटा और फिर धारदार हथियार से वार कर मार डाला।
उन्होंने बताया कि नक्सलियों ने परिजनों के सामने ही पोयाम के शव को जला दिया और फिर वहां से फरार हो गए।
अधिकारी के अनुसार इस घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह एक पुलिस दल पोयाम के अवशेषों को एकत्र करने के लिए घटनास्थल पर भेजा गया। उनके अनुसार इस हत्या में शामिल नक्सलियों का पता लगाने के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 29, 2021 04:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

