एजेंसी न्यूज

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग से पुल को क्षतिग्रस्त किया

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यहां बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि शुक्रवार शाम नक्सलियों के एक समूह ने तुमकापाल और टेटम गांव के मध्य दुमन नदी पर बने पुल को विस्फोट से क्षतिग्रस्त कर दिया है।

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग से पुल को क्षतिग्रस्त किया
जमात

रायपुर, दो मई छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर पुल को क्षतिग्रस्त कर दिया।

दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यहां बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि शुक्रवार शाम नक्सलियों के एक समूह ने तुमकापाल और टेटम गांव के मध्य दुमन नदी पर बने पुल को विस्फोट से क्षतिग्रस्त कर दिया है।

अधिकारियों ने बताया कि यह पुल जिले के कुआकोंडा और कटेकल्याण विकासखंड को जिला मुख्यालय से जोड़ता था। इस पुल के क्षतिग्रस्त होने से यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र के बहुत से ग्रामीण कोरोना वायरस से संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बाद पड़ोसी राज्य तेलंगाना और आंध्रप्रदेश से वापस लौट रहे हैं। यह ग्रामीण जंगल के रास्ते से अपने गांव पहुंच रहे हैं। अंदरूनी क्षेत्रों में बने पुल और सड़क स्वास्थ्य कर्मियों को गांवों तक पहुंचने और दूसरे राज्यों से वापस आने वाले प्रवासी मजदूरों की चिकित्सा जांच करने में मदद करते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले नक्सलियों ने इस मार्ग में कई स्थानों पर सड़कों को क्षतिग्रस्त कर दिया था लेकिन अब टेटम गांव में स्थापित होने वाले पुलिस शिविर के डर से उन्होंने हताशा में पुल को नष्ट कर दिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को घटना के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया तथा घटना के लिए जिम्मेदार नक्सलियों की खोज शुरू की गई।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 02, 2020 09:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).