देश की खबरें | दंतेवाड़ा में मुठभेड़ में इनामी नक्सली ढेर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने एक इनामी नक्सली को मुठभेड़ में मार गिराया है।
दंतेवाड़ा, 20 अप्रैल छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों ने एक इनामी नक्सली को मुठभेड़ में मार गिराया है।
दंतेवाड़ा जिले के पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नीलवाया गांव के जंगल में सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में मलांगेर एरिया कमेटी के सदस्य कोसा उर्फ गोन्चे को मार गिराया है। कोसा के सर पर पांच लाख रूपए का इनाम है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को नीलवाया गांव के जंगल में नक्सली गतिविधि की जानकारी मिली थी। जानकारी के बाद सोमवार की रात डीआरजी के लगभग 40 जवानों को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था।
उन्होंने बताया कि दल जब आज सुबह नीलवाया गांव के करीब पहुंचा, तब नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए। बाद में सुरक्षा बलों ने घटनास्थल की तलाशी ली तब वहां से एक नक्सली का शव, 9 एमएम का एक पिस्टल, एक भरमार बंदूक, बारूदी सुरंग और अन्य सामान बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि नक्सली कोसा के खिलाफ क्षेत्र में कई नक्सली घटनाओं में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 20, 2021 11:14 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

