देश की खबरें | छत्तीसगढ़ में पुलिस से मुठभेड़ में नक्सली घायल, अस्पताल में भर्ती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को सुरक्षाकर्मियों से मुठभेड़ में एक नक्सली घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी।।
बीजापुर, 27 अक्टूबर छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में रविवार को सुरक्षाकर्मियों से मुठभेड़ में एक नक्सली घायल हो गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी।।
उन्होंने कहा कि भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के कुम्मामेटा गांव के जंगल में उस समय गोलीबारी हुई जब राज्य पुलिस के जिला रिजर्व गार्ड की एक टीम नक्सल रोधी अभियान के लिए रवाना हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के माटवाड़ा के जंगल में माटवाड़ा एलओएस (स्थानीय संगठन दस्ता) के कमांडर अनिल पुनेम और 10-12 सशस्त्र सदस्यों की मौजूदगी के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद अभियान शुरू किया गया था।
उन्होंने कहा कि गोलीबारी बंद होने के बाद राकेश कुमार ओयाम नामक एक नक्सली मुठभेड़ स्थल पर घायल अवस्था में मिला।
अधिकारी ने बताया कि घायल नक्सली को बीजापुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका प्रारंभिक उपचार किया गया। उन्होंने कहा कि बाद में उसे राज्य के आदिवासी बहुल बस्तर क्षेत्र के मुख्यालय जगदलपुर के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि ओयाम माओवादियों की बेलचर क्रांतिकारी पार्टी समिति (आरपीसी) के सदस्य के रूप में सक्रिय था और जिले के जांगला, भैरमगढ़ तथा मिरतुर थानों में उसके खिलाफ नक्सली घटनाओं से संबंधित चार मामले दर्ज हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 27, 2024 07:52 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

