देश की खबरें | नवी मुंबई पुलिस ने मादक पदार्थ मामले में मलेशिया से प्रत्यर्पित मुख्य आरोपी को हिरासत में लिया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नवी मुंबई पुलिस ने मादक पदार्थ जब्ती मामले में बुधवार को नवीन चिचकर को हिरासत में ले लिया, जिसे पिछले महीने मलेशिया से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार किया था।
ठाणे, 11 जून नवी मुंबई पुलिस ने मादक पदार्थ जब्ती मामले में बुधवार को नवीन चिचकर को हिरासत में ले लिया, जिसे पिछले महीने मलेशिया से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार किया था।
अधिकारियों ने बताया कि चिचकर हाल ही में नवी मुंबई में ‘हाइड्रोवीड’ की जब्ती के मामले में मुख्य आरोपी है।
हाइड्रो वीड का मतलब मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर पानी के घोल में उगाई गई भांग से है।
एनसीबी ने इससे पहले मलेशिया से प्रत्यर्पण कराने के बाद नवी मुंबई निवासी चिचकर (35) को गिरफ्तार किया था, जिस पर ‘‘अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह’’ का सरगना होने का आरोप है। वह मादक पदार्थ निरोधक एजेंसी द्वारा दर्ज कई मामलों में वांछित था।
पूर्व में एक अधिकारी ने बताया था कि चिचकर द्वारा संचालित गिरोह ने भारत में 1,128 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बेचे, जिनमें कोकीन और ‘हाइब्रिड स्ट्रेन हाइड्रोपोनिक वीड’ शामिल थे, जिन्हें अमेरिका से लाया गया था।
भारत वापस लाए जाने के बाद उसे नवी मुंबई की तलोजा जेल में रखा गया।
सहायक पुलिस आयुक्त भाऊसाहेब ढोले ने संवाददाताओं को बताया कि नवी मुंबई पुलिस ने बुधवार को एक मामले के सिलसिले में उसे हिरासत में ले लिया।
उन्होंने कहा, ‘‘नवी मुंबई पुलिस के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) ने हाइड्रोपोनिक मारिजुआना (हाइड्रो वीड) रखने और इसके वितरण के बारे में गुप्त सूचना मिलने के बाद 14 अप्रैल को नेरुल थाने में मामला दर्ज किया था। अब तक, इस मामले में 32 व्यक्तियों को आरोपी बनाया गया है।’’
अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने अब तक 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में, हमने पहले ही 2.5 से तीन किलोग्राम ‘हाइड्रो वीड’ और लगभग एक किलोग्राम मारिजुआना जब्त कर लिया है। हम जांच कर रहे हैं जिससे इस मादक पदार्थ नेटवर्क का पूरा खुलासा करने में मदद मिल सकती है।’’
पिछले महीने चिचकर के प्रत्यर्पण और गिरफ्तारी के बाद एनसीबी ने कहा था कि अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह की संलिप्तता इस साल 21 जनवरी को एक कूरियर फर्म के माध्यम से मुंबई से ऑस्ट्रेलिया भेजे जा रहे पार्सल में प्रोजेक्टर में छिपाकर रखी गई 200 ग्राम कोकीन की जब्ती के बाद सामने आई थी।
एनसीबी के एक अधिकारी ने बताया था कि बाद की कार्रवाई में एनसीबी ने नवी मुंबई में गिरोह के एक सदस्य के घर से 11.540 किलोग्राम कोकीन और अन्य मादक पदार्थ जब्त किया था।
अधिकारी ने कहा था कि जांच के दौरान यह बात सामने आई कि एक सुनियोजित अंतरराष्ट्रीय गिरोह अमेरिका से भारत में कोकीन की तस्करी करने तथा भारत और इसके बाहर मादक पदार्थ उपलब्ध कराने में शामिल था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 11, 2025 05:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

