देश की खबरें | नवीन पटनायक ने आईएमडी महानिदेशक महापात्र को संयुक्त राष्ट्र का पुरस्कार मिलने पर बधाई दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र सासाकावा पुरस्कार 2025 मिलने पर सोमवार को बधाई दी।
भुवनेश्वर, नौ जून ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता नवीन पटनायक ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए प्रतिष्ठित संयुक्त राष्ट्र सासाकावा पुरस्कार 2025 मिलने पर सोमवार को बधाई दी।
पांच बार ओडिशा के मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक ने कहा, ‘‘(भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक) ओडिशा के डॉ. मृत्युंजय महापात्र को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए संयुक्त राष्ट्र सासाकावा पुरस्कार 2025 से सम्मानित किए जाने पर बधाई।’’
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्हें हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवात से संबंधित मौत के मामलों को कम करने में उनके अग्रणी कार्य के लिए सम्मानित किया गया है। ओडिशा को आपकी उपलब्धि पर गर्व है।’’
ओडिशा के भद्रक जिले के रहने वाले और ‘भारत के चक्रवात पुरुष’ के रूप में लोकप्रिय महापात्र को उष्णकटिबंधीय चक्रवात के पूर्वानुमान और प्रारंभिक चेतावनी प्रणालियों में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
वह 2019 से आईएमडी के महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। वह जलवायु परिवर्तन, मौसम और जल के लिए संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ‘विश्व मौसम विज्ञान संगठन’ के तीन उपाध्यक्षों में से एक हैं।
हाल में जिनेवा में आयोजित आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए वैश्विक मंच के आठवें सत्र में उन्हें यह पुरस्कार प्रदान किया गया।
एक संदेश में, महापात्र ने कहा, ‘‘आपदा जोखिम न्यूनीकरण के लिए संयुक्त राष्ट्र सासाकावा पुरस्कार, 2025 प्राप्त किया। मैं वास्तव में आभारी हूं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)