देश की खबरें | नेशनल हेराल्ड मामला: पणजी में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला जलाया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया और विपक्षी पार्टी पर नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई पर अनावश्यक शोर-शराबा करने का आरोप लगाया।

पणजी, 17 अप्रैल गोवा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया और विपक्षी पार्टी पर नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की कार्रवाई पर अनावश्यक शोर-शराबा करने का आरोप लगाया।

पणजी में कांग्रेस भवन के पास विरोध प्रदर्शन किया गया, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारे लगाए और उनका पुतला जलाया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नेशनल हेराल्ड मामले में कथित तौर पर 988 करोड़ रुपये के धनशोधन के लिए कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी और राहुल गांधी तथा अन्य के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया है।

भाजपा युवा मोर्चा की गोवा इकाई के अध्यक्ष समीर मांडरेकर ने संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस नेशनल हेराल्ड मामले पर शोर मचा रही है, जो “उसका किया गलत काम” है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने शीर्ष नेताओं के खिलाफ ईडी के आरोपपत्र को लेकर भाजपा पर अनावश्यक रूप से आरोप लगा रही है।

मांडरेकर ने कहा कि यह मामला सुब्रमण्यम स्वामी ने 2012 में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के कार्यकाल के दौरान दायर किया था। उन्होंने कहा कि स्वामी तब भाजपा का हिस्सा भी नहीं थे।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी धनशोधन में शामिल थी, इसलिए यह मामला दर्ज किया गया था।

मांडरेकर ने आरोप लगाया कि नेशनल हेराल्ड की संपत्तियां, जो सामाजिक उद्देश्यों के लिए थीं, गांधी परिवार द्वारा हड़प ली गईं।

उन्होंने कहा, ‘‘जब नेशनल हेराल्ड बंद हो गया था, तब वे इन संपत्तियों का इस्तेमाल स्वतंत्रता सेनानियों के कल्याण के लिए कर सकते थे। लेकिन इसके बजाय, उन्होंने अपने फायदे के लिए मुनाफे का इस्तेमाल करने की कोशिश की।’’

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि नरेन्द्र मोदी सरकार उसके नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

\