खेल की खबरें | राष्ट्रीय खेल: राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता नयनमोनी ने लॉन बाउल्स में बनाया दबदबा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता असम की नयनमोनी सैकिया ने बुधवार को यहां राष्ट्रीय खेलों में लॉन बाउल्स प्रतियोगिता के पहले दिन एकल वर्ग के दो मैचों के साथ टीम प्रतियोगिता में आसान जीत दर्ज की।

अहमदाबाद, 28 सितंबर राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता असम की नयनमोनी सैकिया ने बुधवार को यहां राष्ट्रीय खेलों में लॉन बाउल्स प्रतियोगिता के पहले दिन एकल वर्ग के दो मैचों के साथ टीम प्रतियोगिता में आसान जीत दर्ज की।

  नयनमोनी ने एकल वर्ग के ग्रुप ए में गुजरात की वैशाली मकवाना पर 23-0 की एकतरफा जीत के साथ दिन की शुरुआत की और फिर पश्चिम बंगाल की बीना शाह को 21-10 से हराया।

असम ने उनकी अगुवाई में यहां के ‘केंसविले गोल्फ एंड कंट्री क्लब’ में ‘फोर’ प्रतियोगिता में मणिपुर के खिलाफ 33-3 से शानदार जीत हासिल की।

पिछले महीने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में इतिहास रचने वाली भारतीय ‘फोर’ टीम की सदस्य नयनमोनी इस बात से खुश हैं कि उनका खेल काफी ध्यान आकर्षित कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘ राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक ने लॉन बाउल्स के लिए प्रोत्साहन प्रदान किया। लेकिन हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी जीत जारी रहे। हमें इसकी लोकप्रियता को बनाए रखने के लिए बेहतर प्रदर्शन करते रहना होगा।’’

भावनगर में नेटबॉल स्पर्धा में गुजरात की टीम ने पंजाब पर 57-33 की जीत के साथ सेमीफाइनल का टिकट कटाया। हरियाणा भी इस स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहा।

रग्बी सेवन्स में दिल्ली और पश्चिम बंगाल की टीम सेमीफाइनल में पहुंच गयी।

दिल्ली ने पंजाब के खिलाफ 26-0 से जीत दर्ज की और ओडिशा को 14-10 से हराया। बंगाल ने ओडिशा पर 24-7 और पंजाब पर 22-12 से जीत दर्ज की।

अन्य मैचों में हरियाणा ने गुजरात को 28-0 से और सेना ने पुरुषों के ग्रुप ए में महाराष्ट्र को 14-14 की बराबरी पर रोका दिया।

महिलाओं के ग्रुप बी में पश्चिम बंगाल और ओडिशा ने चंडीगढ़ को 29-5 और केरल को 64-0 से हराकर शानदार शुरुआत की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\