देश की खबरें | हज-2022 की तैयारियों को लेकर नकवी ने हज कमेटी के अधिकारियों के साथ चर्चा की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने अगले साल के हज की तैयारियों को लेकर शनिवार को भारतीय हज कमेटी के अधिकारियों के साथ चर्चा की।
नयी दिल्ली/मुंबई, नौ अक्टूबर केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने अगले साल के हज की तैयारियों को लेकर शनिवार को भारतीय हज कमेटी के अधिकारियों के साथ चर्चा की।
मुंबई में हुई इस बैठक के बाद नकवी ने ट्वीट कर बताया कि अब आगामी 21 अक्टूबर को दिल्ली में हज समीक्षा बैठक में हज-2022 से सम्बंधित विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘आगामी हज समीक्षा बैठक में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, विदेश, स्वास्थ्य, नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, सऊदी अरब में भारत के राजदूत, जेद्दा में कॉन्सुल जनरल ऑफ इंडिया एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।’’
यहां जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, कोरोना महामारी को ध्यान में रख कर सऊदी अरब की सरकार के निर्णय के आधार पर 2020 और 2021 में भारत से हजयात्री हज के लिए नहीं जा सके थे। हज-2022 की घोषणा 21 अक्टूबर को आयोजित होने वाली समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों से चर्चा के बाद की जाएगी।
नकवी ने कहा कि भारत और सऊदी अरब में हज 2022 के लिए हज पर जाने वाले हज यात्रियों के लिए कोरोना प्रोटोकॉल और स्वास्थ्य और साफ-सफाई के सम्बन्ध में विशेष प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि इंडोनेशिया के बाद सर्वाधिक हज यात्री भेजने वाले भारत की हज-2022 की संपूर्ण प्रक्रिया 100 प्रतिशत डिजिटल होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘बिना "मेहरम" (पुरुष रिश्तेदार) के 837 महिलाओं ने हज 2021 पर जाने के लिए आवेदन किया था। हज 2020 के लिए 2100 से अधिक महिलाओं ने बिना "मेहरम" के हज पर जाने के लिए आवेदन किया था, ये महिलाएं हज 2022 पर जा सकेंगी।’’
मंत्री का कहना है कि बिना "मेहरम" के हज पर जाने वाली महिलाओं के हज 2020 और हज 2021 के लिए किये गए आवेदन हज 2022 के लिए भी मान्य रहेंगे, इसके साथ नए आवेदन करने वाली महिलाओं को भी हज 2022 पर बिना लॉटरी के जाने की व्यवस्था की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 09, 2021 09:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

