नयी दिल्ली, 18 मई राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोरोना वायरस की महामारी के मद्देनजर संसदीय समितियों की बैठक वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से कराने की संभावना पर सोमवार को चर्चा की।
नायडू और बिरला ने चौथे चरण के लॉकडाउन के पहले दिन मुलाकात की और समितियों को लेकर बातचीत की।
सूत्रों के मुताबिक राज्यसभा और लोकसभा के महासचिवों से कहा गया है कि वे संसदीय समितियों की बैठक वीडियो कांफ्रेस से कराने की संभावना पर गौर करें और विस्तृत रिपोर्ट दें ताकि इस पर विचार किया जा सके।
नायडू और बिरला ने इस विषय पर दूसरी बार मुलाकात की है। इससे पहले सात मई को दोनों मिले थे।
सूत्रों का कहना है कि सोमवार को बिरला और नायडू को महासचिवों ने अब तक की चर्चा के बारे में जानकारी दी और समितियों की बैठक के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) की ओर से प्रदान किए जाने वाले तकनीकी रूप से सुरक्षित प्लेटफॉर्म के बारे में भी सूचित किया।
कई समितियों के अध्यक्षों और सदस्यों ने वीडयो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक की मांग की है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पी चिदंबरम, आनंद शर्मा और शशि थरूर ने भी यह मांग उठाई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)













QuickLY