देश की खबरें | नड्डा ने महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार को लेकर राजस्थान कांग्रेस सरकार पर हमला बोला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों को लेकर राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए लोगों से आह्वान किया कि अगर वे राज्य में परिदृश्य बदलना चाहते हैं तो सरकार बदलें।

(फाइल फोटो के साथ) सवाई माधोपुर, दो सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को महिलाओं के खिलाफ अपराध, भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों को लेकर राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए लोगों से आह्वान किया कि अगर वे राज्य में परिदृश्य बदलना चाहते हैं तो सरकार बदलें।

उन्होंने अशोक गहलोत सरकार को घरों को लूटने वाली 'गृह-लूट' सरकार बताते हुए कहा कि सरकार ने विधायकों को भ्रष्टाचार की खुली छूट दे दी है और पैसा दिल्ली में पार्टी के 'आकाओं' की जेब भरने के लिए भेजा जाता है।

विपक्षी दलों के गठबंधन पर नड्डा ने कहा कि उन्हें जनता की परवाह नहीं है और उन्हें अपना परिवार बचाने की चिंता है इसलिए वे प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ हाथ मिला लिया है।

उन्होंने कहा , "महागठबंधन के लोग मोदी जी को हटाना चाहते हैं क्योंकि उन्हें देश की नहीं, बल्कि केवल अपने परिवार की चिंता है। लालू को तेजस्वी की चिंता है, सोनिया को राहुल की चिंता है, अखिलेश को डिंपल की चिंता है, उद्धव को आदित्य की चिंता है और ममता दीदी अपने भतीजे को लेकर चिंतित हैं।''

उन्होंने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में 12 लाख करोड़ रुपये का घोटाला हुआ था, उसने 2जी घोटाला, कोयला घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, इस तरह अनगिनत घोटाले किये।

उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को देश से कोई लेना-देना नहीं है, वे केवल अपने भ्रष्टाचार को छिपाने और अपने परिवारों को बचाने के लिए साथ आ रहे हैं।

नड्डा ने यहां परिवर्तन संकल्प यात्रा की शुरुआत पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा “यह गहलोत सरकार नहीं है, यह ‘गृह-लूट’ सरकार है, जो घरों को लूटती है। कांग्रेस का मतलब लूट, भ्रष्टाचार और कुशासन है।”

उन्होंने कहा,“भ्रष्टाचार करके वे दिल्ली में अपने आकाओं की जेब भरने का काम करते हैं। उन्हें राजस्थान की शांति और खुशी की परवाह नहीं है, उनकी इच्छा भ्रष्टाचार करना, विधायकों को खुली छूट देना, खुली लूट का प्रावधान करना और यह सुनिश्चित करना है कि यह पैसा दिल्ली में बैठे आकाओं के पास जाए।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की नहीं बल्कि राहुल गांधी की ‘रीलॉन्च’ की चिंता है। उन्होंने कहा,“वे कहते हैं कि मोदी को हटाओ क्योंकि वे अपने परिवारों के बारे में चिंतित हैं। हम कहते हैं कि मोदी को आगे बढ़ाओ और देश को आगे ले जाओ। ”

नड्डा ने कहा कि राजस्थान को शांतिप्रिय प्रदेश कहा जाता था, लेकिन आज इसे बलात्कार और अत्याचार प्रदेश के रूप में जाना जा रहा है। उन्होंने कहा, ''इसलिए अब राजस्थान इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।''

उन्होंने कहा कि आज गहलोत सरकार अपनी 'लाल डायरी' के लिए जानी जाती है।

उन्होंने कहा, "लाल डायरी में क्या है? क्या कारण है कि जो मंत्री उस डायरी को लाता है उसे बर्खास्त कर दिया जाता है। राजस्थान के लोगों को लाल डायरी की रक्षा करने वालों को सबक सीखना चाहिए तथा उसे आने वाले चुनावों में खारिज कर देना चाहिए।"

राजस्थान के बर्खास्त मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के निर्देश पर जुलाई 2020 में आयकर के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता धर्मेंद्र राठौड़ के आवास से जो लाल डायरी हासिल की थी, उसमें गहलोत के वित्तीय लेनदेन का विवरण था।

प्रतापगढ़ के धरियावाद में 21 साल की महिला को नग्न कर घुमाने की घटना का जिक्र करते हुए नड्डा ने कहा, ''आज राजस्थान में महिलाओं पर जो अत्याचार हो रहा है, उससे मानवता शर्मसार हो रही है। महिलाओं का खुलेआम अपमान हो रहा है, लेकिन सरकार चुप है और मूकदर्शक बनी हुई है।”

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा गांवों, गरीबों, वंचितों, पीड़ितों, शोषितों, दलितों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण की बात करती है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें सशक्त बनाने का काम भी किया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार को गरीबों की चिंता है। उन्होंने कहा "आज 13.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं। आज भारत में अत्यधिक गरीबी एक प्रतिशत से भी कम है।"

नड्डा ने कहा कि भाजपा राजस्थान की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के संकल्प के साथ 'परिवर्तन संकल्प यात्रा' शुरू कर रही है।

भाजपा प्रमुख ने आदित्य-एल1 सौर मिशन के सफल प्रक्षेपण के लिए इसरो को भी बधाई दी।

पार्टी शनिवार से मंगलवार तक विभिन्न स्थानों से कुल चार परिवर्तन संकल्प यात्राएं शुरू करेगी और प्रत्येक यात्रा का उद्घाटन एक केंद्रीय नेता द्वारा किया जाएगा। दूसरी यात्रा तीन सितंबर को डूंगरपुर के बेणेश्वर धाम से शुरू होगी जिसका शुभारंभ गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

तीसरी यात्रा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह चार सितंबर को जैसलमेर के रामदेवरा से शुरू करेंगे और सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी पांच सितंबर को गोगामेड़ी, हनुमानगढ़ से चौथी यात्रा शुरू करेंगे। चारों यात्राएं 200 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेंगी।

सवाई माधोपुर की रैली में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि गहलोत सरकार को जनता के हितों की नहीं बल्कि अपने हितों की चिंता है।

राजे ने कहा कि पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को जमीन पर लाने के लिए उनकी भाजपा सरकार ने 25 अगस्त 2005 को मध्य प्रदेश के साथ नदी जल बंटवारे का समझौता किया था, लेकिन, दुर्भाग्यवश, गहलोत सरकार आ गई और ईआरसीपी को रोक दिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा राजस्थान की जनता के हितों पर आंच नहीं आने देगी और आने वाले चुनाव में भाजपा प्रदेश में सरकार बनाएगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\