देश की खबरें | भारतीय सीमा के पास म्यांमा का वायुसेना अभियान : भारत ने म्यांमा के समक्ष मुद्दा उठाया

नयी दिल्ली, 19 जनवरी भारत ने त्याउ नदी के पास 10 जनवरी को म्यांमा के वायुसेना अभियान के दौरान एक बम गिरने की घटना को पड़ोसी देश के समक्ष उठाया है। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि ऐसी घटनाएं भारत के लिए चिंता का विषय हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ मेरी सूचना के अनुसार, म्यांमा ने 10-11 जनवरी को दोनों देशों की सीमा के पास वायुसेना का अभियान चलाया था। हमने इस बात की पुष्टि की कि हमारी वायु सीमा का कोई उल्लंघन नहीं हुआ।’’

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हालांकि 10 जनवरी को भारत-म्यांमा सीमा पर त्याउ नदी के जलग्रहण क्षेत्र के पास एक बम गिरा।’’

समझा जाता है कि यह चंपई जिले में फरक्वान गांव के पास है।

बागची ने कहा, ‘‘ ऐसी घटनाएं हमारे लिये चिंता का विषय है। हमने इस मुद्दे को म्यांमा के समक्ष उठाया है।’’

गौरतलब है कि म्यांमा की सेना ने भारत-म्यांमा सीमा के पास विद्रोहियों के शिविरों को निशाना बनाने के लिये अभियान चलाया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)