ताजा खबरें | मेरा सपना कुरुक्षेत्र को देश के सबसे विकसित लोकसभा क्षेत्रों में शामिल कराना: नवीन जिंदल
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नवीन जिंदल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह कुरुक्षेत्र को देश के सबसे विकसित लोकसभा क्षेत्रों में शामिल कराने का सपना देखते हैं।
चंडीगढ़, 25 अप्रैल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नवीन जिंदल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह कुरुक्षेत्र को देश के सबसे विकसित लोकसभा क्षेत्रों में शामिल कराने का सपना देखते हैं।
कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से उम्मीदवार जिंदल ने कहा कि इस संसदीय क्षेत्र में अनेक विकास कार्य हुए हैं और वह चुने गए तो इन्हें और बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरा सपना कुरुक्षेत्र को देश के सबसे विकसित लोकसभा क्षेत्रों में शामिल कराना है।’’
जिंदल ने पिछले महीने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र को धार्मिक पर्यटन का केंद्र और तीर्थस्थल बनाने के लिए पहले ही बहुत काम हुआ है जिससे रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश उनके नेतृत्व में प्रगति कर रहा है।
कुरुक्षेत्र से 2004 से 2014 तक सांसद रहे जिंदल ने कहा कि यह क्षेत्र उनके लिए नया नहीं है और उन्हें जनता का बहुत प्यार और समर्थन मिल रहा है।
जिंदल के पिता जानेमाने उद्योगपति दिवंगत ओ पी जिंदल हरियाणा सरकार में मंत्री थे। नवीन जिंदल की मां सावित्री जिंदल ने भी राज्य में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में मंत्री के रूप में काम किया है।
पिछले महीने नवीन जिंदल की मां भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई थीं।
कुरुक्षेत्र में जिंदल का मुकाबला इंडियन नेशनल लोकदल के अभय सिंह चौटाला और आम आदमी पार्टी के सुशील गुप्ता से है।
‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल आम आदमी पार्टी इस सीट पर चुनाव लड़ रही है, वहीं राज्य की बाकी नौ लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने प्रत्याशी उतारे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 25, 2024 05:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

