देश की खबरें | एमवीए मोर्चा का उद्देश्य राजनीतिक फायदा उठाना था: फडणवीस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के विरोध मार्च को लेकर तंज करते हुए इसे राजनीतिक लाभ उठाने के लिए एक ‘‘नैनो’’ मोर्चा बताया।
मुंबई, 17 दिसंबर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को मुंबई में विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) के विरोध मार्च को लेकर तंज करते हुए इसे राजनीतिक लाभ उठाने के लिए एक ‘‘नैनो’’ मोर्चा बताया।
महाराष्ट्र में एमवीए के घटक दलों ने शक्ति प्रदर्शन के तहत राज्य में एकनाथ शिंदे-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के खिलाफ शनिवार को यहां 'हल्ला बोल' विरोध मार्च निकाला और छत्रपति शिवाजी महाराज समेत प्रतिष्ठित हस्तियों के खिलाफ ‘‘अपमानजनक’’ टिप्पणी करने के लिए राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को हटाने की मांग की।
फडणवीस ने कहा कि वह बार-बार कहते रहे हैं कि किसी को भी राष्ट्रीय हस्तियों के खिलाफ नहीं बोलना चाहिए और जो लोग ऐसा करते हैं वे गलत हैं।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘अपना रुख स्पष्ट करने के बावजूद, राजनीतिक लाभ हासिल करने के लिए एक मोर्चा का आयोजन किया गया। जब आपके पास मुद्दे खत्म हो जाते हैं, तो ऐसे मोर्चे आयोजित किए जाते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘छत्रपति शिवाजी महाराज और बी आर आंबेडकर हमारे आदर्श हैं।’’
पिछले महीने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल कोश्यारी ने शिवाजी महाराज को ‘‘पुराने जमाने के प्रतीक’’ के रूप में बताया था।
महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा कि यह कोई नई बात नहीं है जो शिंदे-भाजपा सरकार के गठन (इस साल जुलाई में) के बाद सामने आई हो।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस और राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) इस समस्या के लिए जिम्मेदार हैं। यह मुद्दा कांग्रेस पार्टी का बनाया हुआ है।"
फडणवीस ने कहा कहा, ‘‘(शिवसेना प्रमुख) उद्धव ठाकरे को राजनीति करने के लिए नए मुद्दों की तलाश करनी चाहिए।’’
एमवीए के विरोध मार्च के बारे में फडणवीस, जिनके पास गृह विभाग भी है, ने कहा कि पुलिस ने एमवीए को रैली के लिए दक्षिण मुंबई में आजाद मैदान का इस्तेमाल करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने यह जानते हुए इस निर्देश का पालन नहीं किया कि मैदान पर बड़ी संख्या में लोगों को नहीं जुटाया जा सकता है।
भारतीय सैनिकों पर की गई कथित टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए फडणवीस ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि पाकिस्तान और राहुल गांधी एक ही दिन भारत के खिलाफ बोलते हैं।
फडणवीस ने कहा, ‘‘उनकी (राहुल की) टिप्पणी भारत के लिए उनकी भावनाओं को दर्शाती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी चीन ने भारतीय क्षेत्र को हड़पा, गांधी परिवार सत्ता में था। आज, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सत्ता में हैं और एक इंच जमीन पर भी किसी और को कब्जा नहीं करने दिया जायेगा। हमारी सेना ने चीनियों का बहादुरी से सामना किया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)