देश की खबरें | मध्यप्रदेश के रायसेन में एमयूवी पलटने से छह लोगों की मौत, तीन घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार सुबह एक मल्टी-यूटिलिटी वाहन (एमयूवी) के पलट जाने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

भोपाल, 21 अप्रैल मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में सोमवार सुबह एक मल्टी-यूटिलिटी वाहन (एमयूवी) के पलट जाने से उसमें सवार छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे ने बताया कि यह हादसा सुबह करीब सात बजे सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में सड़क के किनारे स्थित एक भोजनालय के पास हुआ। उन्होंने बताया कि एमयूवी में सवार नौ लोग एक विवाह समारोह में शामिल होने के बाद पटना से इंदौर लौट रहे थे।

खरपुसे ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। तीनों घायलों को रायसेन के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।’’

उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मोहन लाल कुरील (68), चंदा देवी (60), बलराम चोपड़ा (30), सरिता खोलवाल (25), चीनू (2) और चालक सुनील के रूप में हुई है।

सुल्तानपुर पुलिस थाने के प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि दुर्घटना में घायल लोगों में दूल्हा और दुल्हन शामिल हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया और फिर पलट गया।

सिंह के मुताबिक, घायलों को बाद में इलाज के लिए भोपाल भेज दिया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\