देश की खबरें | मुसलमानों ने ताजिया जुलूस निकालकर और इबादत करके मुहर्रम मनाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुसलमानों ने शनिवार को इमाम हुसैन की शहादत की याद में ताजिया जुलूस निकालकर, मातम मनाकर और इबादत करके मुहर्रम मनाया। हालांकि इस दौरान झारखंड और गुजरात में हाईटेंशन तार की चपेट में आकर करंट लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए।
नयी दिल्ली, 29 जुलाई मुसलमानों ने शनिवार को इमाम हुसैन की शहादत की याद में ताजिया जुलूस निकालकर, मातम मनाकर और इबादत करके मुहर्रम मनाया। हालांकि इस दौरान झारखंड और गुजरात में हाईटेंशन तार की चपेट में आकर करंट लगने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई जबकि 30 से अधिक लोग घायल हो गए।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश के वाराणसी जैसी जगहों पर भी मुहर्रम जुलूस के दौरान हिंसा की कुछ घटनाएं हुईं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई अन्य नेताओं ने हजरत इमाम हुसैन को श्रद्धांजलि दी।
मोदी ने ट्वीट किया, “हम हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानियों को याद करते हैं। न्याय और मानवीय गरिमा के आदर्शों के प्रति उनका साहस एवं प्रतिबद्धता उल्लेखनीय है।”
इस्लामी कैलेंडर मुहर्रम के 10वें दिन यानी यौम-ए-आशूरा पर मुसलमान मातम मनाकर पैगंबर मोहम्मद के नाती इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हैं। हुसैन 680 ईसवी में करबला (इराक) में हुई जंग में शहीद हो गए थे।
इस दिन शिया समुदाय के लोग सड़कों पर काले कपड़े पहनकर छाती पीटते हुए हुसैन की याद में नारे लगाते हैं। इस दौरान कुछ शिया चेन, रस्सियां आदि अपने शरीर पर मारते हुए युद्ध के दौरान हुसैन को हुई पीड़ा को महसूस करने का प्रयास करते हैं। सुन्नी समुदाय के लोग इस दिन उपवास रखतें हैं और इबादत करते हैं।
मुहर्रम के10वें दिन ताजिया निकाला जाता है। ताजिया इमाम हुसैन के मजार की एक छोटी प्रतिकृति होती है।
मुहर्रम के शांतिपूर्ण जुलूस के लिए राज्यों में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।
दिल्ली के नांगलोई में निर्धारित मार्ग बदलने से रोके जाने पर मुहर्रम जुलूस निकाल रहे लोगों के एक वर्ग की पुलिस से झड़प हो गई और उन्होंने ने पुलिसकर्मियों पर पर पथराव कर दिया, जिसमें लगभग 10 पुलिसकर्मी घायल हो गए और कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने “अनियंत्रित भीड़” को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र सिंह ने कहा, “नांगलोई इलाके में कई 'ताजिया' जुलूस निकाले जा रहे थे और उनमें लगभग आठ से दस हजार लोगों ने हिस्सा लिया। एक या दो आयोजक अनियंत्रित हो गए और उन्होंने पहले से निर्धारित अपने जुलूस का मार्ग बदलने की कोशिश की।”
सिंह ने कहा, “जब पुलिस ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने पुलिस कर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। उन्हें नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया गया और उन्हें इलाके से खदेड़ दिया गया।”
उत्तर प्रदेश में, अमरोहा जिले के डिडोली इलाके में "ताज़िया का म्यूजिक सिस्टम हाईटेंशन तारों की चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई और 52 लोग झुलस गए। पुलिस अधीक्षक आदित्य लंगेह ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान शानू (35) और ओवैस (13) के रूप में हुई।
उन्होंने बताया कि घायलों में करीब चार की हालत गंभीर है और उन्हें इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है।
लखनऊ में, मुहर्रम के जुलूस में भाग लेने वाला एक व्यक्ति उस समय झुलस गया जब हाई-टेंशन तार के संपर्क में आने के बाद 'ताज़िया' में आग लग गई।
पुलिस के एक अधिकारी बताया कि वाराणसी में मुहर्रम के जुलूस के दौरान शिया और सुन्नी समुदायों के सदस्यों के बीच झड़प हुई और पथराव हुआ।
अधिकारी ने कहा कि घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं, लेकिन सटीक संख्या तत्काल उपलब्ध नहीं हुई है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के बरेली से मिली खबर के अनुसार बारादरी इलाके में मुहर्रम का तख्त बिजली की हाईटेंशन लाइन से टकरा गया। इससे तख्त में करंट उतर गया और सात लोग झुलस गए ।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा श्रीनगर में मुहर्रम जुलूस में शामिल हुए। यह जुलूस आंतरिक शहरी इलाकों में पारंपरिक मार्ग से निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले 35 वर्षों में यह पहला मौका जब राज्य का कोई प्रमुख यहां मुहर्रम जुलूस में शामिल हुआ है।
उन्होंने बताया कि काला कुर्ता पहने सिन्हा कड़े सुरक्षा घेरे में शहर के अंदरूनी इलाके के जदीबल स्थित बोटा कदल में जुलूस में शामिल हुए। पुलिस और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपराज्यपाल के साथ मौजूद थे।
सिन्हा ने ट्विटर के जरिये हजरत इमाम हुसैन को श्रद्धांजलि दी।
सिन्हा ने ट्वीट किया, ‘‘आज यौम-ए-आशूरा पर श्रीनगर के बोटा कदल में ज़ुलजिना जुलूस में शामिल हुआ और हजरत इमाम हुसैन (एएस) और उनके साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। धार्मिकता और मानव जाति की भलाई के लिए उनकी शहादत दुनिया के लिए एक प्रकाशस्तंभ के रूप में काम करती है।’’
कश्मीर के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) विजय कुमार ने कहा कि आशूरा जुलूस से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
इस बीच, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला भी जदीबल क्षेत्र पहुंचे और जुलूस में शामिल हुए।
अब्दुल्ला ने कहा कि दुनिया में कोई भी इस्लामिक देश नहीं बचा है जो समस्याओं से घिरा ना हो क्योंकि हमने अल्लाह का रास्ता छोड़ दिया और शैतान का रास्ता अपना लिया।
उन्होंने कहा, "जब तक हम अल्लाह के बताए रास्ते पर नहीं चलेंगे, तब तक खुशहाल नहीं हो सकते।"
झारखंड के बोकारो जिले में मुहर्रम के जुलूस की तैयारी करते समय हाई टेंशन तार की चपेट में आने से चार व्यक्तियों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शी आलोक ने बताया कि यह घटना राज्य की राजधानी रांची से लगभग 80 किलोमीटर दूर खेतको गांव में हुई जब ताजिया, इमाम हुसैन के मजार की एक छोटी प्रतिकृति, का ऊपरी हिस्सा बिजली के तार के संपर्क में आ गया।
सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, वहां से बाद में उन्हें बोकारो सामान्य अस्पताल (बीजीएच) भेज दिया गया, जहां चार व्यक्तियों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान साजिद अंसारी (18), आशिफ रजा (21), गुलाम हुसैन (19) और इनामुल रब (34) के रूप में हुई है।
इस बीच, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चार व्यक्तियों की मौत पर दुख व्यक्त किया है।
पुलिस ने कहा कि मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए शनिवार को रांची और झारखंड के अन्य हिस्सों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
गुजरात के राजकोट शहर में मुहर्रम के जुलूस के दौरान करंट लगने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक अधिकारी ने बताया कि घटना धोराजी शहर के रसुल पारा इलाके में उस समय हुई जब जुलूस में शामिल लोगों द्वारा ले जाया जा रहा ‘ताजिया’ 22 किलोवाट क्षमता के ओवरहेड तार की चपेट में आ गया।
स्थानीय पुलिस थाना के निरीक्षक अनिरुद्धसिंह गोहिल ने कहा कि घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान जुनैद मजोठी (22) और साजिद समा (20) के तौर पर की गई है।
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने शनिवार को कहा कि मुहर्रम कुर्बानी की भावना का प्रतीक है, जो मानव जाति के सभी गुणों में सर्वोच्च है।
राजभवन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, नजीर ने कहा कि मुहर्रम पैगंबर मोहम्मद के नवासे इमाम हुसैन की शहादत के गम में मनाया जाता है, जिन्होंने सच्चाई की राह में अपना जीवन कुर्बान कर दिया।
महाराष्ट्र में, मुहर्रम जुलूस के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुंबई और उसके उपनगरों की सड़कों पर सैकड़ों पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे।
पुलिस ने दक्षिण मुंबई, मानखुर्द के उपनगरों, मालवानी, कुर्ला और शहर के अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी थी।
बिहार के भागलपुर जिले में मुहर्रम जुलूस के दौरान पटाखे चलाये जाने से एक किशोरी घायल हो गयी जबकि कैमूर में दो समुदायों के बीच झड़प हो गयी ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)