देश की खबरें | संगीत कंपनी के सीईओ के अपहरण का मामला : मुंबई पुलिस ने एक और व्यक्ति को पकड़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई पुलिस ने एक वित्तीय विवाद को लेकर एक संगीत कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के अपहरण तथा उससे मारपीट के संबंध में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
मुंबई, 28 अगस्त मुंबई पुलिस ने एक वित्तीय विवाद को लेकर एक संगीत कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के अपहरण तथा उससे मारपीट के संबंध में एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या चार हो गयी है।
यहां वनराई पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विक्की शेट्टी के रूप में की गयी है जिसे शनिवार को कर्नाटक से गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि कार के कारोबार में शामिल शेट्टी ने कथित तौर पर अपराध में अहम भूमिका निभायी थी। उसकी कार भी जब्त कर ली गयी है।
उन्होंने बताया कि सिंह के अपहरण में इस्तेमाल की गई कार और शिवसेना के एक विधायक के बेटे एवं आरोपी राज सुर्वे का अभी पता नहीं चला है।
इससे पहले पुलिस ने बताया था कि नौ अगस्त को एक संगीत कंपनी के सीईओ राजकुमार सिंह (38) का कुछ लोगों ने उपनगर गोरेगांव में उनके कार्यालय से कथित तौर पर अपहरण किया तथा उनसे मारपीट की।
प्राथमिकी के अनुसार, सिंह को उपनगर दहीसर (पूर्व) में शिवसेना विधायक प्रकाश सुर्वे के कार्यालय ले जाया गया जहां उनके बेटे राज सुर्वे ने कथित तौर पर कारोबारी से मुख्य आरोपी मनोज मिश्रा से वित्तीय विवाद हल करने के लिए कहा।
पुलिस ने कुछ घंटों बाद अपहृत कारोबारी को छुड़ा लिया था।
प्रकाश सुर्वे मुंबई में मागाठाणे विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।
अधिकारियों ने बताया था कि इस घटना के बाद पुलिस के एक दल ने मुंबई हवाई अड्डे से मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया था। वह भागने की फिराक में था। मिश्रा के साथ उसके दो साथियों विपुल सिंह तथा चंदन सिंह को भी गिरफ्तार किया गया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)