देश की खबरें | पश्चिमी दिल्ली में बहन के साथ प्रेम संबंध पर आपत्ति जताने वाले व्यक्ति की हत्या, एक गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में तीन लोगों के एक समूह ने 27 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर पिटाई की और चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पीड़ित के उसकी बहन और एक आरोपी के बीच प्रेम संबंध पर आपत्ति जताने के बाद यह हमला किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 20 मई पश्चिमी दिल्ली के ख्याला इलाके में तीन लोगों के एक समूह ने 27 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर पिटाई की और चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। पीड़ित के उसकी बहन और एक आरोपी के बीच प्रेम संबंध पर आपत्ति जताने के बाद यह हमला किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान अनमोल उर्फ हन्नी (23), प्रीतपाल (25) और पीयूष उर्फ पन्नू (23) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि प्रीतपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मृतक की पहचान इश्मीत सिंह के रूप में हुई है। इश्मीत के पिता 19 मई को बेहोशी की हालत में उसे दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल लेकर आए थे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह घटना इश्मीत और मुख्य आरोपी अनमोल के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण हुई। अनमोल के इश्मीत की बहन के साथ रिश्तों को लेकर उनमें विवाद था।"
इश्मीत के परिवार ने कथित तौर पर इस रिश्ते का विरोध किया था और अनमोल को संबंध (प्रेम) तोड़ने की चेतावनी दी थी। इश्मीत ने कई बार उसे सलाह भी दी थी, जिसके कारण कथित तौर पर दोनों के बीच दुश्मनी बढ़ गई थी।
उन्होंने बताया, "19 मई की शाम को इश्मीत घर लौटा तो उसने अनमोल और उसके दो साथियों (प्रीतपाल और पीयूष) को अपने घर के पास खड़ा पाया। उनके बीच झगड़ा शुरू हो गया, जो जल्द ही मारपीट में बदल गया।"
आरोपियों ने कथित तौर पर इश्मीत को पकड़ लिया और उस पर लात-घूंसों से हमला करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान, हमलावरों में से एक ने इश्मीत के बाएं पैर पर चाकू से वार किया, जिससे उसे गंभीर चोट आई। हमले के तुरंत बाद तीनों मौके से भाग गए।
बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई टीम लगायी गई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)