खेल की खबरें | जायसवाल और जाफर के शतक से मुंबई की कुल बढ़त 662 रन की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. यशस्वी जायसवाल और अरमान जाफर के शानदार शतकों से कई बार की चैम्पियन मुंबई ने शुक्रवार को यहां रणजी ट्राफी सेमीफाइनल के चौथे दिन अपनी कुल बढ़त 600 रन से पार कर उत्तर प्रदेश को ‘बैकफुट’ में पहुंचा दिया।
बेंगलुरू, 17 जून यशस्वी जायसवाल और अरमान जाफर के शानदार शतकों से कई बार की चैम्पियन मुंबई ने शुक्रवार को यहां रणजी ट्राफी सेमीफाइनल के चौथे दिन अपनी कुल बढ़त 600 रन से पार कर उत्तर प्रदेश को ‘बैकफुट’ में पहुंचा दिया।
इन दोनों बल्लेबाजों ने दबदबा बनाते हुए तेजी से रन जुटाये जिससे अब सुनिश्चत हो गया है कि 41 बार की रणजी ट्राफी विजेता फाइनल में पहुंच जायेगी।
कोच अमोल मजूमदार की टीम ने स्टंप तक दूसरी पारी में चार विकेट पर 449 रन बना लिये जिससे उसकी कुल बढ़त 662 रन की हो गयी है।
क्वार्टर फाइनल में अपना पहला शतक जड़ने वाले जायसवाल (181 रन) ने इस मुकाबले में लगातार शतक जड़ दिये हैं। उन्होंने और जाफर (127 रन) ने मिलकर उत्तर प्रदेश के कमजोर आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं।
पहले ही 346 रन की बढ़त से आगे खेलने वाली मुंबई ने सुबह दूसरी पारी एक विकेट पर 133 रन के स्कोर से शुरू की।
जायसवाल और जाफर की युवा बल्लेबाजी जोड़ी ने फिर शानदार दबदबा बनाया। जाफर ने निश्चित रूप से अपने चाचा वसीम को अपने प्रदर्शन से गौरवान्वित किया होगा।
मुंबई के दोनों युवा बल्लेबाजों ने उत्तर प्रदेश के गेंदबाजों पर कई लाजवाब शाट्स जमाकर दूसरे विकेट के लिये 286 रन की साझेदारी निभायी।
जायसवाल ने 372 गेंद की पारी में 23 चौके और एक छक्का जमाया जबकि जाफर ने 259 गेंद की पारी में 15 चौके और दो छक्के लगाये।
उत्तर प्रदेश को दिन का पहला विकेट हासिल करने के लिये लंबा इंतजार करना पड़ा। तेज गेंदबाज शिवम मावी (36 रन देकर एक विकेट) ने पारी के 107वें ओवर में जाफर को आउट कर विशाल साझेदारी का अंत किया।
लेकिन जायसवाल ने इच्छानुसार शॉट खेलना जारी रखा और किसी गेंदबाज को नहीं बख्शा। जायसवाल अपने दोहरे शतक से चूक गये जिन्हें प्रिंस यादव (69 रन देकर दो विकेट) ने आर्यन जुवल के हाथों के कैच आउट कराया।
उत्तर प्रदेश ने सुवेद पार्कर (22 रन) और जायसवाल के लगातार दो विकेट झटके लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
उत्तर प्रदेश ने दिन में तीन विकेट झटकने के लिये नौ गेंदबाजों को आजमाया।
बायें हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार (105 रन देकर एक विकेट) सबसे मंहगे गेंदबाज रहे, जिन पर जाफर और जायसवाल ने काफी रन बटोरे।
स्टंप तक सरफराज खान 23 और शम्स मुलानी 10 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
अब सिर्फ अंतिम दिन यह देखना होगा कि मुंबई जीत या पहली पारी की बढ़त के आधार पर फाइनल में पहुंचेगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 17, 2022 06:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

