देश की खबरें | मुंबई की महिला ने सज्जन जिंदल पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई की रहने वाली 30 वर्षीय एक महिला ने उद्योगपति सज्जन जिंदल पर शादी का वादा करने के बाद उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया है। अरबपति कारोबारी ने रविवार को इस आरोप से इनकार किया।
मुंबई, 17 दिसंबर मुंबई की रहने वाली 30 वर्षीय एक महिला ने उद्योगपति सज्जन जिंदल पर शादी का वादा करने के बाद उसके साथ बलात्कार करने का आरोप लगाया है। अरबपति कारोबारी ने रविवार को इस आरोप से इनकार किया।
महिला की सोशल मीडिया प्रोफाइल में उसे एक अभिनेत्री बताया गया है। महिला ने दावा किया कि वह कुछ साल पहले दुबई में एक क्रिकेट मैच में 23 अरब अमेरिकी डॉलर वाले जेएसडब्ल्यू समूह के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक जिंदल (64) से मिली थी, जिसके बाद उनमें दोस्ती हुई। महिला के मुताबिक बाद में उद्योगपति उसकी ओर आकर्षित हो गए।
मुंबई निवासी महिला ने दावा किया है कि कथित यौन उत्पीड़न इस साल 23 जनवरी को जेएसडब्ल्यू समूह के मुख्यालय के अंदर हुआ था। उसने कहा कि उद्योगपति ने उससे शादी करने का वादा किया था।
उसने 16 फरवरी को पुलिस से संपर्क किया और 13 दिसंबर को मुंबई के बीकेसी पुलिस थाने में भादंवि की धारा 376 (बलात्कार), 354 (महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज की गई।
रविवार शाम को जारी एक बयान में जिंदल ने आरोपों को झूठा और निराधार बताया।
उद्योगपति द्वारा व्यक्तिगत हैसियत से जारी किए गए बयान में कहा गया, “वह जांच में पूरा सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। चूंकि जांच जारी है, हम इस स्तर पर आगे टिप्पणी करने से बचेंगे। हम आपसे परिवार की गोपनीयता का सम्मान करने का अनुरोध करते हैं।”
महिला ने दावा किया है कि वह जिंदल से पहली बार दुबई स्टेडियम के वीआईपी बॉक्स में मिली थी, जहां उन्होंने फोन नंबरों का आदान-प्रदान किया।
उसका दावा है कि वह बाद में उपनगरीय बांद्रा में एक होटल और दक्षिण मुंबई के जिंदल मेंशन के अंदर जिंदल से मिली और कथित यौन उत्पीड़न से पहले उसके साथ कार में ड्राइव पर भी गई।
प्राथमिकी में उसने उल्लेख किया है कि जिंदल कथित यौन उत्पीड़न के बाद से उससे संपर्क करने से बच रहे हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)