जरुरी जानकारी | मुंबई में अगस्त में संपत्तियों का पंजीकरण 26 प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद : नाइट फ्रैंक

नयी दिल्ली, 31 अगस्त मुंबई में संपत्तियों का पंजीकरण अगस्त में सालाना आधार पर 26 प्रतिशत बढ़कर 10,800 इकाई पर पहुंचने की संभावना है। रियल एस्टेट सलाहकार फर्म नाइट फ्रैंक इंडिया ने कहा कि घरों की बेहतर मांग के कारण यह 10 साल में सर्वाधिक होगा।

मुंबई शहर (बृहन्मुंबई नगर निगम क्षेत्र में) में संपत्तियों का पंजीकरण बृहस्पतिवार को शाम तीन बजे तक 10,600 इकाई को पार कर चुका है।

पिछले साल अगस्त में लगभग 8,552 इकाइयों का पंजीकरण हुआ था। जुलाई, 2023 में 10,221 इकाइयों का पंजीकरण हुआ था।

इस महीने कुल पंजीकरण में से लगभग 80 प्रतिशत आवासीय हैं। यह आंकड़ा नए और पुराने, दोनों घरों को मिलाकर तैयार किया गया है।

इससे राज्य सरकार को 800 करोड़ रुपये से ज्यादा का राजस्व मिलने की उम्मीद है।

नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (सीएमडी) शिशिर बैजल ने कहा, “मुंबई का आवासीय बाजार लगातार मजबूत बना हुआ है। संपत्ति की कीमतों में वृद्धि और घर खरीदारों के बीच अधिक बड़े मकान के लिए बढ़ती प्राथमिकता के कारण एक करोड़ रुपये और उससे अधिक मूल्य की संपत्तियों के पंजीकरण में वृद्धि जारी है।”

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)