एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई: अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला, चिकित्सकों ने बताया खतरे से बाहर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई में बुधवार देर रात अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसकर एक हमलावर ने उन पर कई बार चाकू से वार किया, जिसमें वह घायल हो गए।

देश की खबरें | मुंबई: अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला, चिकित्सकों ने बताया खतरे से बाहर

मुंबई, 16 जनवरी मुंबई में बुधवार देर रात अभिनेता सैफ अली खान के घर में घुसकर एक हमलावर ने उन पर कई बार चाकू से वार किया, जिसमें वह घायल हो गए।

खान (54) के प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्हें इलाज के लिए लीलावती अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी सर्जरी हुई और अब उनके स्वास्थ्य में सुधार है।

अस्पताल के चिकित्सकों ने कहा कि खान की हालत आपातकालीन सर्जरी के बाद ‘खतरे से बाहर’ है।

बांद्रा इलाके में सतगुरु शरण इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित खान के घर में रात करीब ढाई बजे हुई इस घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

लीलावती अस्पताल में न्यूरोसर्जन डॉ नितिन डांगे ने कहा कि खान की ‘थोरेसिक स्पाइन’ पर बड़ी चोट आई है।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके शरीर से चाकू के हिस्से को निकालने के लिए सर्जरी की गई है और रीढ़ की हड्डी से द्रव के रिसाव को भी दुरुस्त किया गया है। अब खान पूरी तरह स्थिर हैं। वह स्वस्थ हो रहे हैं और पूरी तरह खतरे से बाहर हैं। हम उन्हें कल सुबह आईसीयू से बाहर निकालेंगे।’’

अभिनेता के प्रतिनिधियों ने इस घटना को ‘चोरी का प्रयास’ बताया, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इससे पहले लीलावती अस्पताल के सीओओ डॉ. नीरज उत्तमानी ने एक बयान में कहा कि अज्ञात हमलावर ने खान पर उनके बांद्रा स्थित घर में चाकू से हमला किया और उन्हें तड़के 3.30 बजे अस्पताल लाया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘सैफ पर चाकू से छह वार किए गए। उनके दो घाव गहरे हैं जिनमें से एक उनकी रीढ़ की हड्डी के पास है।’’

उन्होंने बताया कि न्यूरोसर्जन डॉ. नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन डॉ. लीना जैन और एनेस्थिसियोलॉजिस्ट डॉ. निशा गांधी के नेतृत्व में चिकित्सकों की एक टीम ने उनका ऑपरेशन किया।

उत्तमानी ने कहा कि अभिनेता के बाएं हाथ की कलाई पर एक गहरा घाव है।

सैफ की पत्नी और अभिनेत्री करीना कपूर की टीम ने एक बयान में कहा, ‘‘सैफ अली खान और उनकी पत्नी करीना कपूर खान के घर में कल रात चोरी की कोशिश की गई। सैफ के हाथ में चोट लगी है, जिसके इलाज के लिए वह अस्पताल में हैं। परिवार के अन्य सदस्य ठीक हैं।’’

बयान में कहा गया, ‘‘हम मीडिया और प्रशंसकों से अनुरोध करते हैं कि वे धैर्य रखें और कोई अटकल न लगाएं। पुलिस पहले से ही अपनी जांच कर रही है। आप सभी की चिंता के लिए धन्यवाद।’’

सैफ अली खान के जनसंपर्क प्रतिनिधि ने भी बयान में कहा कि उनके आवास पर ‘चोरी का प्रयास’ किया गया था।

प्रतिनिधि ने कहा, ‘‘हम मीडिया और प्रशंसकों से धैर्य रखने का अनुरोध करते हैं। यह पुलिस का मामला है और हम आपको स्थिति से अवगत कराते रहेंगे।’’

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरूआती जानकारी के अनुसार, एक अज्ञात व्यक्ति सैफ अली खान के घर में घुस आया और दोनों के बीच हाथापाई हुई। घटना के समय अभिनेता के कुछ परिजन घर में मौजूद थे।

अधिकारी ने कहा कि हमलावर के चाकू के हमले में सैफ अली खान घायल हो गए जिसके बाद उन्हें बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल ले जाया गया और अब उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।

यह पूछे जाने पर कि क्या अभिनेता के घर में हमलावर ने लूटपाट का प्रयास किया था, पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने विस्तृत जानकारी नहीं दी और कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही बांद्रा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

सैफ अली खान ने ‘ओमकारा’, ‘दिल चाहता है’, ‘कल हो ना हो’ और ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से लोकप्रियता हासिल की है।

वह आने वाली फिल्म ‘ज्वेल थीफ - द रेड सन चैप्टर’ में भी नजर आएंगे, जो डकैती की वारदात पर आधारित है।

घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रवक्ता राम कदम ने कहा कि पुलिस दोषियों को नहीं बख्शेगी।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो ने कहा कि सैफ अली खान पर हमला चिंता का विषय है क्योंकि अगर उच्च सुरक्षा प्राप्त लोगों पर उनके घरों में हमला हो सकता है, तो आम नागरिकों के साथ क्या हो सकता है।

करीना कपूर खान के परिवार की मित्र और राकांपा (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि यह घटना चिंताजनक है।

कांग्रेस प्रवक्ता अतुल लोंधे ने कानून-व्यवस्था को लेकर महाराष्ट्र सरकार की आलोचना की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 16, 2025 04:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).