एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई होर्डिंग हादसा: 21 घंटे बाद भी तलाश और बचाव अभियान जारी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई के घाटकोपर इलाके में तेज आंधी और बेमौसम बारिश के चलते विशाल होर्डिंग गिरने से कम से कम 14 लोगों की मौत होने के 21 घंटे से अधिक समय बाद भी तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। नगरपालिका अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मुंबई होर्डिंग हादसा: 21 घंटे बाद भी तलाश और बचाव अभियान जारी

मुंबई, 14 मई मुंबई के घाटकोपर इलाके में तेज आंधी और बेमौसम बारिश के चलते विशाल होर्डिंग गिरने से कम से कम 14 लोगों की मौत होने के 21 घंटे से अधिक समय बाद भी तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। नगरपालिका अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने कहा कि अब तक होर्डिंग के नीचे से 89 लोगों को निकाला जा चुका है, जिनमें से 14 को मृत घोषित कर दिया गया जबकि 75 अन्य घायल हैं।

उन्होंने कहा कि घायलों को मुंबई और पड़ोसी ठाणे के छह अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

बृह्नमुंबई नगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों में से अब तक 32 को अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है, इनमें से 25 को घाटकोपर में राजावाड़ी अस्पताल में, चार को एम.जे. अस्पताल विखरोली और तीन को जोगेश्वरी में एचबीटी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

उन्होंने कहा कि राजावाड़ी में भर्ती एक घायल व्यक्ति की हालत नाजुक है।

सोमवार शाम करीब 4:50 बजे से दमकल विभाग की कम से कम 12 गाड़ियां और अन्य वाहन तलाश एवं बचाव अभियान में लगे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 100-100 कर्मियों की दो टीम भी सोमवार शाम 7:10 बजे अभियान में शामिल हुईं।

बीएमसी अधिकारी के मुताबिक तलाश एवं बचाव अभियान में दो जेसीबी, दो गैस कटर टीम, 25 एम्बुलेंस, दो हेवी ड्यूटी क्रेन और दो हाइड्रा क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा है।

अधिकारी ने कहा कि बीएमसी के 75 और मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के 50 कर्मी भी अभियान में जुटे हैं।

सोमवार शाम करीब चार बजे छेदानगर में पेट्रोल पंप के निकट 120 फुट लंबी और 120 फुट चौड़ी होर्डिंग गिरने के बाद अधिकारियों ने कहा था कि 100 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका है।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, होर्डिंग अवैध थी और इसे लगाने के लिए कोई अनुमति नहीं ली गई थी।

एक अधिकारी ने बताया कि शहर की पुलिस ने पेट्रोल पंप पर गिरी होर्डिंग लगाने वाले एगो मीडिया के मालिक भावेश भिड़े और अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 14, 2024 03:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).