मुंबई हवाईअड्डे के कर्मचारियों को परिसर के अंदर रखा जाये : भाजपा विधायक
मुंबई के उप नगर विले पार्ले के विधायक अलावानी ने कहा कि कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर के अंदर ही की जानी चाहिये ताकि उन्हें अपने काम के लिये यात्रा नहीं करनी पड़े ।
मुंबई, सात मई भारतीय जनता पार्टी के विधायक पराग अलावानी ने बृहस्पतिवार को मांग की कि कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिये, मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर काम करने वाले कर्मचारियों को उसके परिसर में रखा जाना चाहिये ।
मुंबई के उप नगर विले पार्ले के विधायक अलावानी ने कहा कि कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर के अंदर ही की जानी चाहिये ताकि उन्हें अपने काम के लिये यात्रा नहीं करनी पड़े ।
हवाई अड्डे के कुछ कर्मचारी विले पार्ले में रहते हैं ।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे एवं बृहन्मुंबई नगर निगम के आयुक्त प्रवीण परदेशी को लिखे पत्र में विधायक ने कहा कि शहर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुये इस तरह का निर्णय लेने की आवश्यकता है। शहर में संक्रमित लोगों की संख्या दस हजार को पार कर चुकी है।
कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन के कारण यात्री विमान सेवायें निलंबित हैं, लेकिन हवाई अड्डे से मालवाहक विमानों का परिचालन जारी है।
विधायक ने कहा, 'ये कर्मचारी वायरस से संक्रमित हो सकते हैं और पूरा इलाका, जहां वह रहते हैं संक्रमित हो सकता है ।'
उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के कर्मचारी अपनी नौकरी कर रहे हैं लेकिन प्रशासन को उनके कल्याण के बारे में भी सोचना चाहिये ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 07:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

