देश की खबरें | जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई वाहनों में आग लगी, पांच लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह यहां एक भीषण हादसे में ट्रक तथा बस सहित कई वाहनों में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और लगभग 40 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जयपुर, 20 दिसंबर जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह यहां एक भीषण हादसे में ट्रक तथा बस सहित कई वाहनों में आग लगने से कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और लगभग 40 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जार्ज जोसेफ ने बताया, ‘‘पांच लोगों की मौत हुई है।’’ इससे पहले जयपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र सोनी ने कहा था कि हादसे में कम से कम लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।
अधिकारियों के बताया कि यह हादसा भांकरोटा के पास जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। उन्होंने बताया कि गैस आदि से भरा एक ट्रक दूसरे ट्रकों से टकरा गया।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रक में लगी आग ने राष्ट्रीय राजमार्ग के कई ट्रकों व अन्य वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि कम से कम तीस वाहनों के जलने की सूचना है।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों को सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल ले जाया गया। एक चिकित्सक के अनुसार आग में झुलसे 24 से अधिक लोगों को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती करवाया गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना में नागरिकों के हताहत होने का दुःखद समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। घटना की सूचना मिलते ही एसएमएस अस्पताल जाकर चिकित्सकों को तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं घायलों की समुचित देखभाल हेतु निर्देशित किया।’’
मुख्यमंत्री के अनुसार, ‘‘प्रशासन द्वारा बचाव कार्य निरंतर जारी है। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं पूरी तत्परता से कार्यरत हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने परम धाम में स्थान, शोक संतप्त परिवारजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’’
स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर भी एसएमएस अस्पताल पहुंचे। उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म घटनास्थल पर पहुंचे।
बैरवा ने कहा, ‘‘चार से पांच लोगों की मौत हो गई और 39 लोग अस्पताल में भर्ती हैं।’’
इससे पहले भांकरोटा थाना के प्रभारी मनीष गुप्ता ने बताया, ‘‘आग ने कई ट्रकों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रकों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। कई लोग झुलस गए हैं, जिन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल ले जाया गया है।’’
उन्होंने बताया कि यह घटना पेट्रोल पंप के सामने हुई और मौके पर दमकल की गाड़ियां मौजूद हैं तथा आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।
गुप्ता ने बताया कि एहतियातन राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 20, 2024 09:28 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

