एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुल्डर ने 400 रन बनाने का मौका गंवा दिया, दबाव में घबरा गए: गेल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल ने दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक कप्तान वियान मुल्डर की ब्रायन लारा के नाबाद 400 रन के विश्व रिकॉर्ड टेस्ट स्कोर के करीब पहुंचने के बावजूद पारी घोषित करने के लिए आलोचना करते हुए कहा कि ‘वह घबरा गए और गलती कर बैठे।’

देश की खबरें | मुल्डर ने 400 रन बनाने का मौका गंवा दिया, दबाव में घबरा गए: गेल

नयी दिल्ली, नौ जुलाई वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज क्रिस गेल ने दक्षिण अफ्रीका के कार्यवाहक कप्तान वियान मुल्डर की ब्रायन लारा के नाबाद 400 रन के विश्व रिकॉर्ड टेस्ट स्कोर के करीब पहुंचने के बावजूद पारी घोषित करने के लिए आलोचना करते हुए कहा कि ‘वह घबरा गए और गलती कर बैठे।’

मुल्डर जब 367 रन पर खेल रहे थे और लारा के सर्वोच्च व्यक्तिगत टेस्ट स्कोर के रिकॉर्ड को तोड़ने से सिर्फ 34 रन पीछे थे तब उन्होंने वेस्टइंडीज के इस दिग्गज के सम्मान में जिंबाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी पांच विकेट पर 626 रन पर घोषित करने का फैसला किया।

गेल ने ‘टॉकस्पोर्ट’ से कहा, ‘‘आप 367 रन पर थे तो आपको रिकॉर्ड बनाने की कोशिश तो करनी चाहिए थी। अगर आप दिग्गज बनना चाहते हैं, तो आप दिग्गज कैसे बनेंगे? दिग्गज बनने के साथ ही रिकॉर्ड भी बनते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह उनकी तरफ से एक गलती थी। उन्होंने रन बनाने की कोशिश ही नहीं की। हमें नहीं पता कि वह रन बना पाते या नहीं। लेकिन उन्होंने 367 पर पारी घोषित कर दी और उन्होंने वही कहा जो उन्हें कहना था।’’

गेल ने कहा, ‘‘लेकिन टेस्ट मैच में 400 रन बनाने का मौका जिंदगी में एक बार ही मिलता है। नौजवान, तुमने बहुत बड़ा मौका गंवा दिया।’’

पारी घोषित करने के फैसले के बाद मुल्डर ने कहा था कि लारा जैसे कद का खिलाड़ी इस रिकॉर्ड को बनाए रखने का हकदार है।

मुल्डर ने कहा था, ‘‘ब्रायन लारा एक दिग्गज हैं। उनके कद का खिलाड़ी यह रिकॉर्ड बनाए रखने का हकदार है।’’

वेस्टइंडीज के लिए 103 टेस्ट, 294 वनडे और 75 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले गेल को लगता है कि मुल्डर दबाव में घबरा गए थे।

गेल ने कहा, ‘‘अगर मुझे 400 रन बनाने का मौका मिलता तो मैं 400 रन बना लेता। ऐसा अक्सर नहीं होता। आपको नहीं पता कि आप कब दोबारा तिहरा शतक बनाएंगे। जब भी आपको ऐसा मौका मिलता है तो आप उसका पूरा फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन वह बहुत उदार थे और उन्होंने कहा कि वह चाहते थे कि यह रिकॉर्ड ब्रायन लारा के नाम रहे। शायद वह घबरा गए थे, उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि उस स्थिति में क्या करें।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 09, 2025 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).