देश की खबरें | मुकेश और रजत दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिये भारतीय टीम के नये चेहरे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. बंगाल के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले रजत पाटीदार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह अक्टूबर से लखनऊ में शुरू होने वाली आगामी तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिये पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया।
नयी दिल्ली, दो अक्टूबर बंगाल के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले रजत पाटीदार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह अक्टूबर से लखनऊ में शुरू होने वाली आगामी तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के लिये पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया।
मुकेश और पाटीदार जहां टीम के नये चेहरे होंगे, टीम की अगुआई फिर वनडे विशेषज्ञ शिखर धवन करेंगे जबकि श्रेयस अय्यर उप कप्तान होंगे।
बंगाल के लिये लाल गेंद से शानदार प्रदर्शन करने वाले मुकेश ने सही समय पर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। पहले वह न्यूजीलैंड ए के खिलाफ प्रथम श्रेणी मैच में सर्वाधिक विकेट झटकने वाले गेंदबाज रहे और फिर उन्होंने ईरानी कप में शानदार गेंदबाजी की।
अठाईस साल के इस तेज गेंदाबज ने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ तीन मैचों में नौ विकेट झटके और इस साल रणजी ट्राफी में बंगाल के लिये 20 विकेट चटकाये थे।
राजकोट में खेली जा रही ईरानी ट्राफी में शेष भारत के लिये शनिवार को उन्होंने चार विकेट लेकर अहम भूमिका निभायी जिससे सौराष्ट्र की टीम पहली पारी में 100 रन के अंदर सिमट गयी थी।
‘स्टाइलिश हिटर’ पाटीदार ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के प्लेऑफ मुकाबले, रणजी ट्राफी फाइनल और पिछले तीन महीनों में न्यूजीलैंड ए के खिलाफ ‘टेस्ट’ में शतक जड़े।
इंदौर के 29 साल के इस खिलाड़ी ने आईपीएल एलिमिनेटर में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिये नाबाद 112 रन की शतकीय पारी खेली थी। इसके अलावा उन्होंने अगले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 58 रन बनाये थे।
लाल गेंद के क्रिकेट में पाटीदार ने रणजी ट्राफी के नॉकआउट मैचों में पंजाब और बंगाल के खिलाफ क्रमश: 85 और 79 रन बनाये थे। रणजी ट्राफी फाइनल में उनके शतक ने अहम भूमिका निभायी जिसकी बदौलत मध्य प्रदेश की टीम खिताब जीतने में सफल रही।
इसी प्रदर्शन के बूते उन्हें भारत ए टीम में जगह मिली और पाटीदार ने भी इस मौके का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ चार दिवसीय तीन मैचों में दो शतक जड़े। उन्होंने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ पहले वनडे में तेजी से नाबाद 45 रन बनाकर भारत ए को जीत दिलायी।
श्रेयस और दीपक चाहर वनडे श्रृंखला के बाद ब्रिसबेन में टी20 विश्व कप टीम से जुड़ेंगे। उन्हें आईसीसी के इस टूर्नामेंट में स्टैंडबाई चुना गया है। टीम पहले हफ्ते में पर्थ में ट्रेनिंग करेगी।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरा वनडे नौ अक्टूबर को रांची जबकि तीसरा एकदिवसीय 11 अक्टूबर को दिल्ली में खेला जायेगा।
टीम इस प्रकार है :
शिखर धवन (कप्तान), रूतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर (उप कप्तान), रजत पाटीदार, राहुल त्रिपाठी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, मुकेश कुमार, आवेश खान, मोहम्मद सिराज और दीपक चाहर।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 02, 2022 08:16 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

