एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुड़िया पूनो मेला: सदियों पुराने उत्सव में डेढ़ करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में चार से 11 जुलाई तक आयोजित होने वाले मुड़िया पूनो मेले में डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।

देश की खबरें | मुड़िया पूनो मेला: सदियों पुराने उत्सव में डेढ़ करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद

मथुरा (उप्र), तीन जुलाई श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में चार से 11 जुलाई तक आयोजित होने वाले मुड़िया पूनो मेले में डेढ़ करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है।

सदियों पुराने माने जाने वाले इस धार्मिक समागम में गोवर्द्धन पर्वत की 21 किलोमीटर की पवित्र परिक्रमा की जाती है।

गोवर्धन के दानघाटी मंदिर के सेवायत मथुरा प्रसाद कौशिक ने बताया, ''यह मेला पिछले 469 वर्षों से चैतन्य महाप्रभु के शिष्य और गिर्राज महाराज के परम भक्त सनातन गोस्वामी की याद में आयोजित किया जाता रहा है। गोस्वामी का निधन आषाढ़ माह में पूर्णिमा के दिन हुआ था। उनके निधन के बाद उनके अनुयायियों ने अपने सिर मुंडवाकर गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की थी।''

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले मुड़िया पूनो मेले में डेढ़ करोड़ से अधिक लोगों के 21 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करने की उम्मीद है। तीर्थयात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए गोवर्धन में पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

उन्होंने कहा कि दंडवत परिक्रमा और पवित्र मानसी गंगा या अन्य तालाबों में सीधे स्नान करने पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू किया जा रहा है। इसके बजाय वैकल्पिक स्नान व्यवस्था के रूप में दर्जनों फौव्वारे लगाये गए हैं।

अधिकारियों ने कहा कि अपर जिलाधिकारी अमरेश कुमार को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है, वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत पुलिस नोडल अधिकारी के रूप में काम करेंगे।

दानघाटी मंदिर के एक अन्य सेवायत पवन कौशिक ने बताया कि पहले इस मेले में मुख्य रूप से राजस्थान और मध्य प्रदेश के श्रद्धालु आते थे। वे सूखा प्रभावित क्षेत्रों में बारिश के लिए ठाकुर जी का आशीर्वाद लेने आते थे।

पवन कौशिक ने यह भी बताया कि मेले के दौरान ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। इस उत्सव का समापन सनातन गोस्वामी के शिष्यों के नेतृत्व में जुलूस के साथ होगा, जो पारंपरिक मुंडन अनुष्ठान करते हैं।

ग्रामीण क्षेत्र के अपर पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के मुताबिक सम्पूर्ण मेला क्षेत्र को नौ सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टरों में बांटा गया है। सुरक्षा के लिये 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर, 61 पार्किंग प्वाइंट, 150 बैरियर, 54 गिरिराज मोबाइल टीम और पांच खोया-पाया केंद्र बनाये गये हैं।

सं. सलीम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 08:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).