नयी दिल्ली, 30 मई वरिष्ठ नौकरशाह बिद्युत बिहारी स्वैन को यूपीएससी सदस्य नियुक्त किया गया है जो वर्तमान में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) सचिव हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने मंगलवार को दी।
अधिकारियों ने बताया कि गुजरात कैडर के 1988 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी स्वैन को बृहस्पतिवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) हर वर्ष आईएएस, भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के अधिकारियों का चयन करने के लिए सिविल सेवा परीक्षा आयोजित करता है।
आयोग का नेतृत्व एक अध्यक्ष करता है और इसमें अधिकतम 10 सदस्य हो सकते हैं। स्वैन की नियुक्ति के साथ अब चार सदस्यों का पद रिक्त है।
यूपीएसएसी के सदस्य को छह साल की अवधि के लिए या 65 वर्ष की आयु होने तक के लिए नियुक्त किया जाता है।
स्वैन 60 वर्ष के होने के बाद इसी साल सितंबर में सेवानिवृत्त होने वाले थे। वर्ष 1989 और 2018 के दौरान, स्वैन ने जिला और राज्य स्तर पर विभिन्न पदों पर गुजरात में सेवा दी।
स्वैन के आधिकारिक परिचय के अनुसार वह 2018 में भारत सरकार में वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव, विशेष आर्थिक क्षेत्रों, स्वतंत्र देशों के राष्ट्रमंडल (सीआईएस) देशों के साथ भारत की व्यापार वार्ता और निर्यात बीमा के प्रभारी के तौर पर शामिल हुए थे। उन्होंने किम्बरली प्रोटोकॉल के चेयरपर्सन और भारत के कमिश्नर जनरल, वर्ल्ड एक्सपो-दुबई जैसे विभिन्न पदों पर भी कार्य किया।
जनवरी 2021 में, उन्हें एमएसएमई के सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था।
स्वैन के पास जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नयी दिल्ली से राजनीति विज्ञान में परास्नातक (एमए) की डिग्री है और उन्होंने द इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल स्टडीज, द हेग, नीदरलैंड से सार्वजनिक नीति और प्रबंधन में स्नातकोत्तर किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY