जरुरी जानकारी | एमआरपीएल बनी एकल रिफाइनरी वाली सबसे बड़ी सार्वजनिक कंपनी

मेंगलुरु, 26 जुलाई ओएनजीसी की अनुषंगी मंगलौर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (एमआरपीएल) वित्त वर्ष 2022-23 में एकल रिफाइनरी वाली सबसे बड़ी सार्वजनिक इकाई बन गई।

कर्नाटक के तटीय इलाके में रिफाइनरी चलाने वाली एमआरपीएल ने बुधवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए कहा कि पिछले वित्त वर्ष में उसने 1.71 करोड़ टन कच्चे तेल का शोधन कर यह उपलब्धि हासिल की है।

विज्ञप्ति के मुताबिक, किसी भी एकल रिफाइनरी वाली सार्वजनिक इकाई की रिफाइनिंग का भी यह सर्वाधिक आंकड़ा है। उसने देश में सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम रिफाइनरी इकाइयों द्वारा शोधित किए गए कुल कच्चे तेल के 10 प्रतिशत हिस्से का प्रसंस्करण किया।

एमआरपीएल की वर्ष 1988 में स्थापना के समय इसकी रिफाइनिंग क्षमता 36.9 लाख टन प्रति वर्ष थी। इस क्षमता को दो बार में बढ़ाकर 1.5 करोड़ टन प्रति वर्ष किया जा चुका है। इस केंद्रीय सार्वजनिक उद्यम को मिनी रत्न का दर्जा भी मिल चुका है।

एमआरपीएल के प्रबंध निदेशक संजय वर्मा ने कहा कि कंपनी ने कोविड महामारी के समय पेश चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करते हुए तगड़ी वापसी की है और आने वाले समय में नई ऊंचाइयों पर पहुंचने के लिए तैयार है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)