जबलपुर (मप्र), 19 जून मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में 26 वर्षीय एक महिला पर गोली चलाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प्रदेश के एक कांग्रेस नेता ने दावा किया कि आरोपी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पदाधिकारी है, लेकिन भाजपा ने इससे इनकार किया।
संजीवनी नगर पुलिस थाना प्रभारी क्रांति बर्वे ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को उस समय हुई जब यह महिला आरोपी से मिलने उसके कार्यालय गई थी।
उन्होंने कहा कि महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उस पर बंदूक से गोली चलाई।
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बर्वे ने बताया कि आरोपी फरार है और उसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस महासचिव सौरभ शर्मा ने दावा किया कि आरोपी ने अपने फेसबुक प्रोफाइल में खुद को भाजपा नेता बताया है।
वहीं, भाजपा शहर इकाई अध्यक्ष प्रभात साहू ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि आरोपी न तो भाजपा का सदस्य है और न ही पदाधिकारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY