देश की खबरें | मप्र हिंसा : खरगोन में कर्फ्यू में चार घंटे की ढील

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के खरगोन शहर में रामनवमी पर हुई हिंसा के बाद स्थिति सामान्य होने लगी है। इसे देखते हुए शहर में शुक्रवार सुबह और शाम को दो-दो घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

खरगोन (मप्र), 15 अप्रैल मध्य प्रदेश के खरगोन शहर में रामनवमी पर हुई हिंसा के बाद स्थिति सामान्य होने लगी है। इसे देखते हुए शहर में शुक्रवार सुबह और शाम को दो-दो घंटे के लिए कर्फ्यू में ढील दी गई। अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है।

जिलाधिकारी अनुग्रह पी ने कहा कि सभी लोगों के लिए सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और फिर दोपहर तीन बजे से शाम 5 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई ताकि लोग आवश्यक सामान खरीद सकें। हालांकि, लोगों को वाहनों का उपयोग करने की अनुमति नहीं थी।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय निवासियों को खरीददारी की सुविधा प्रदान करने के लिए केवल दूध, सब्जी, मेडिकल और राशन की दुकानों को खुले रहने की अनुमति दी गई।

जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने कहा कि शहर की कानून व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है तथा आगे स्थिति के आधार पर कर्फ्यू में और ढील दी जाएगी।

काशवानी ने कहा कि हिंसा के सिलसिले में अब तक 41 मामले दर्ज किए गए हैं और 144 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रविवार को खरगोन में रामनवमी के जुलूस पर पथराव के बाद आगजनी और हिंसा की घटनाएं हुई थी। घायलों में पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी भी थे। उन्हें पैर में गोली लगी थी।

स्टेट रिजर्व पुलिस कमांडेट अंकित जायसवाल ने कहा कि इस्लामिक पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) द्वारा खरगोन में हिंसा को वित्त पोषित करने की खबरों के बीच लोगों को राहत सामग्री वितरित करते देखे गए गुजरात से आए चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस इन चारों लोगों के पीएफआई से संबंधों की जांच कर रही है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\