देश की खबरें | मप्र : पिछला चुनाव हारे वर्मा ने इस बार एक लाख से ज्यादा मतों से जीत का दावा किया

इंदौर, 17 अगस्त मध्यप्रदेश में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए इंदौर की राऊ सीट से भाजपा उम्मीदवार बनाए गए मधु वर्मा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि वह एक लाख से ज्यादा मतों के अंतर

से चुनाव जीतेंगे।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाने वाले वर्मा को वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव के दौरान राऊ क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार जीतू पटवारी के हाथों 5,703 मतों के नजदीकी अंतर से हार का सामना करना पड़ा था।

राऊ सीट से अपनी उम्मीदवारी घोषित होने के बाद वर्मा ने संवाददाताओं से कहा,‘‘मैं राऊ क्षेत्र से उम्मीदवार हूं। मुझ पर दोबारा विश्वास जताए जाने पर भाजपा संगठन को धन्यवाद देता हूं।’’

पिछले विधानसभा चुनाव में हार का कारण पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पिछली बार उन्हें चुनाव लड़ने की तैयारी के लिए केवल 13 दिन का समय मिला था।

वर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस ने कृषि ऋण माफी और युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने सरीखे कई चुनावी वादों की आड़ में मतदाताओं के सामने "झूठ का पुलिंदा" पेश किया था।

वर्मा ने दावा किया कि सूबे की मौजूदा शिवराज सिंह चौहान सरकार की लाडली बहना योजना और अन्य कार्यक्रमों की बदौलत वह इस बार राऊ विधानसभा सीट से एक लाख से ज्यादा मतों के अंतर से चुनाव जीतेंगे।

उन्होंने राऊ के मौजूदा कांग्रेस विधायक पटवारी के इस विधानसभा क्षेत्र में साइकिल से घूमकर लोगों से मिलने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि महज साइकिल से घूमने से नागरिकों की समस्याएं नहीं सुलझ जातीं।

वर्मा ने कहा,‘‘मैं राऊ क्षेत्र में पटवारी से ज्यादा घूमता हूं और नागरिकों की हरसंभव मदद करता हूं।’’

वर्मा, भाजपा के उन 39 नेताओं में शामिल हैं जिन्हें नवंबर में संभावित विधानसभा चुनाव से करीब तीन महीने पहले पार्टी ने उम्मीदवार घोषित किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)