देश की खबरें | मप्र : नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों के घर ढहाए गए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर में 12 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार और बर्बरता के दो आरोपियों के घरों को स्थानीय प्रशासन ने शनिवार सुबह ध्वस्त कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

सतना, 28 जुलाई मध्य प्रदेश के सतना जिले के मैहर में 12 वर्षीय लड़की के साथ बलात्कार और बर्बरता के दो आरोपियों के घरों को स्थानीय प्रशासन ने शनिवार सुबह ध्वस्त कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि घटना बृहस्पतिवार को मैहर कस्बे में हुई थी और दोनों आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने लड़की के गुप्तांग में कोई कठोर वस्तु घुसा दी थी, लेकिन एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि की जा सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, खून से लथपथ और दर्द से कराहती लड़की को मैहर में प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए रीवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि लड़की से बलात्कार और बर्बरता के आरोपियों की पहचान रवींद्र कुमार रवि और अतुल बढ़ोलिया के रूप में की गई है।

पुलिस के उप-विभागीय अधिकारी (एसडीओपी) लोकेश डाबर ने कहा कि घटना के बाद मैहर नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों के परिजनों को नोटिस जारी कर उनकी जमीन और इमारतों से संबंधित दस्तावेज मांगे।

डाबर के अनुसार, जांच से पता चला है कि दोनों आरोपियों के घर अवैध थे। उन्होंने बताया कि अतुल का घर नजूल भूमि (गैर-कृषि उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सरकारी भूमि) पर बनाया गया था, जबकि रवींद्र के घर का निर्माण बिना अनुमति के किया गया था।

डाबर ने कहा, “दोनों आरोपियों के घरों को शनिवार सुबह ध्वस्त कर दिया गया।”

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब तोड़फोड़ दस्ता बढ़ोलिया के घर पहुंचा तो उसके परिवार वालों ने अधिकारियों से जांच पूरी होने के बाद ही कोई कदम उठाने का अनुरोध किया, लेकिन प्रशासन ने अवैध मकान ढहा दिए।

पुलिस ने कहा कि मैहर शहर में एक प्रसिद्ध मंदिर का प्रबंधन संभाल रहे ट्रस्ट के लिए काम करने वाले दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर लड़की को फुसलाया और उसे एक सूनसान जगह पर ले गए, जहां उन्होंने उसके साथ हैवानियत की।

इससे पहले शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता ने फोन पर ‘पीटीआई-’ को बताया था, ‘‘मैं इस बात से इनकार नहीं कर रहा हूं कि रवींद्र और अतुल ने 12 साल की लड़की के गुप्तांग में छड़ी या कुछ अन्य कठोर चीज नहीं घुसाई थी। लेकिन इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही की जा सकती है। हम अभी भी मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\