देश की खबरें | मप्र : सतना में किशोरी के साथ दुष्कर्म
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के सतना जिले के एक गांव में एक युवक ने 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
सतना, 30 जुलाई मध्य प्रदेश के सतना जिले के एक गांव में एक युवक ने 17 वर्षीय किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
जिले में पिछले चार दिनों में नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म की यह दूसरी घटना है।
एक अधिकारी ने बताया कि ताजा घटना शुक्रवार को हुई, जिसके बाद लड़की के परिवार के सदस्यों ने रामनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
रामनगर पुलिस थाने के प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे ने बताया कि शिकायत के अनुसार आरोपी विजय साकेत (19) ने लड़की को उस समय पकड़ लिया, जब वह शुक्रवार दोपहर जंगल में शौच करने के लिए गई थी।
धुर्वे के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने लड़की को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ बलात्कार किया।
धुर्वे ने कहा कि लड़की धमकी से डर गई और उसने घर लौटने के बाद परिजनों को उस दिन घटना के बारे में नहीं बताया।
उन्होंने बताया कि लड़की ने अगले दिन शनिवार को अपने परिवार के सदस्यों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई।
धुर्वे के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार, अपहरण और पीड़िता को धमकाने जैसे आरोपों में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की विभिन्न धाराओं और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इससे पहले, सतना जिले के मैहर कस्बे में बृहस्पतिवार को दो लोगों ने 12 वर्षीय एक बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार कर उसके साथ बर्बरता की थी। मामले में दोनों आरोपियों रवींद्र कुमार रवि और अतुल बढ़ोलिया को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही उनके अवैध मकानों को जिला प्रशासन ने ढहा दिया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 30, 2023 01:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

