देश की खबरें | मप्र : ‘लव जिहाद के वित्तपोषण' के मामले में फरार कांग्रेस पार्षद पर एनएसए लगाया गया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर के जिला प्रशासन ने ‘लव जिहाद’ के कथित वित्तपोषण के मामले में फरार चल रहे कांग्रेस के एक पार्षद को सख्त प्रावधानों वाले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गिरफ्तार किए जाने का आदेश जारी किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश), एक जुलाई इंदौर के जिला प्रशासन ने ‘लव जिहाद’ के कथित वित्तपोषण के मामले में फरार चल रहे कांग्रेस के एक पार्षद को सख्त प्रावधानों वाले राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत गिरफ्तार किए जाने का आदेश जारी किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी आशीष सिंह ने सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी उर्फ डकैत को एनएसए के तहत गिरफ्तार करने का आदेश जारी किया है।
अधिकारियों ने बताया कि कादरी के खिलाफ शहर के अलग-अलग पुलिस थानों में 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि इनमें से एक मामला पिछले महीने दर्ज किया गया था जिसमें कांग्रेस पार्षद पर पैसों के बल पर धर्मांतरण की साजिश में शामिल होने का आरोप है।
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में कादरी की गिरफ्तारी पर एक पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ने 10,000 रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के दो युवकों-साहिल शेख और अल्ताफ शाह ने पुलिस की पूछताछ में कथित तौर पर स्वीकार किया था कि युवतियों को प्रेम जाल में फंसाकर धर्मांतरित कराने के लिए उन्हें कादरी ने कुल तीन लाख रुपये दिए थे और यह रकम उन्होंने युवतियों पर खर्च की थी।
अधिकारी ने बताया कि दोनों युवकों को अलग-अलग मामलों में दो युवतियों से दुष्कर्म और अन्य आरोपों में गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने बताया कि दोनों युवकों के बयान के आधार पर कादरी के खिलाफ धन के दम पर धर्मांतरण की साजिश में शामिल होने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
यह मामला दर्ज होने के बाद सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पार्षद पर 'लव जिहाद' का गिरोह संचालित करने का आरोप लगाते हुए एनएसए के तहत उसकी गिरफ्तारी की मांग की थी।
'लव जिहाद' शब्द का इस्तेमाल दक्षिणपंथी संगठन यह दावा करने के लिए करते हैं कि मुस्लिम पुरुष अन्य धर्मों की महिलाओं को इस्लाम में धर्मांतरित करने के लिए प्रेम के जाल में फंसाते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 01, 2025 09:44 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

