देश की खबरें | मप्र: बालाघाट में पुलिस के साथ मुठभेड़ में 14 लाख का इनामी नक्सली ढेर

भोपाल/बालाघाट, 14 दिसंबर बालाघाट जिले में बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश पुलिस की विशेष इकाई के जवानों के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी और कहा कि मारे गये नक्सली के सिर पर तीन राज्यों में संयुक्त रूप से 14 लाख रुपये का इनाम था।

उन्होंने बताया कि मारे गये मड़कम हिडमा उर्फ चैतू की उम्र 30 साल के आसपास थी और वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ से सटे बीजापुर जिले के मिरतुर का रहने वाला था।

अधिकारी ने कहा कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए राज्य पुलिस के ‘हॉक फोर्स’ के जवानों ने बालाघाट जिले के गढ़ी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत खमकोदादर वन क्षेत्र में गोलीबारी में हिडमा को मार गिराया।

उन्होंने बताया कि मारा गया नक्सली उग्रवाद प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों पर कई हमलों में शामिल था।

भोपाल में राज्य पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि हिडमा के सिर पर मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में संयुक्त रूप से 14 लाख रुपये का इनाम रखा गया था।

इसमें कहा गया है कि चैतू गोंदिया-राजनांदगांव-बालाघाट (जीआरबी) डिवीजन (महाराष्ट्र, मप्र और छत्तीसगढ़ में फैला हुआ) में सक्रिय नक्सली राजेश उर्फ दामा का करीबी सहयोगी था।

बयान में कहा गया है कि हिडमा का भाई, जिसकी पहचान सीतू मड़कम के रूप में हुई है, भी एक नक्सली है और एक माओवादी प्लाटून के 'डिप्टी कमांडर' के रूप में कार्य करता है।

इसमें कहा गया है कि 2023 में अब तक मध्य प्रदेश में नक्सलियों के खिलाफ तीन बड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें दो महिलाओं सहित चार नक्सलियों को मार गिराया गया।

दिमो सं

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)