एजेंसी न्यूज

MP: शादी के नाम पर नाबालिग लड़की को 1.80 लाख रुपये में बेचा गया, छह लोग गिरफ्तार

इंदौर की 17 वर्षीय लड़की को शादी के नाम पर गुजरात के एक व्यक्ति को बेचने के आरोप में शुक्रवार को एक दम्पति समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी.

MP: शादी के नाम पर नाबालिग लड़की को 1.80 लाख रुपये में बेचा गया, छह लोग गिरफ्तार
Credit -Pixabay

इंदौर (मध्यप्रदेश), 15 नवंबर: इंदौर की 17 वर्षीय लड़की को शादी के नाम पर गुजरात के एक व्यक्ति को बेचने के आरोप में शुक्रवार को एक दम्पति समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ऋषिकेश मीणा ने संवाददाताओं को बताया कि शहर की एक महिला ने शादी कराने के नाम पर 17 वर्षीय लड़की का गुजरात के एक व्यक्ति से 1.80 लाख रुपये में कथित रूप से सौदा कर दिया.

उन्होंने बताया, "लड़की ने हमें आपबीती सुनाई कि व्यक्ति ने उसे गुजरात के एक गोदाम में दो दिन रखकर उसके साथ दुष्कर्म किया. लड़की उसके चंगुल से जैसे-तैसे छूट कर इंदौर लौटी." डीसीपी ने बताया कि लड़की द्वारा बृहस्पतिवार को दर्ज कराई गई शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के संबद्ध प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

मीणा ने बताया कि लड़की को कथित तौर पर बेचने वाली महिला और उसके पति के साथ ही उन चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है जो उसे गुजरात के व्यक्ति के पास ले गए थे. उन्होंने बताया कि व्यक्ति की तलाश के लिए पुलिस की टीम गुजरात भेजी गई है. डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने वह कार भी जब्त कर ली है जिसके जरिये लड़की को गुजरात ले जाया गया था.

उन्होंने बताया, "संगठित अपराध और मानव तस्करी के पहलुओं पर विस्तृत छानबीन के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) बनाया गया है. हम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं."

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 15, 2024 10:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).