देश की खबरें | मप्र : एनएसयूआई के प्रदर्शन के दौरान बल प्रयोग, प्रदेश अध्यक्ष समेत 40 लोग हिरासत में लिए गए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए उग्र विरोध प्रदर्शन कर रहे भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष आशुतोष चौकसे समेत करीब 40 कार्यकर्ताओं को बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इंदौर, 24 अगस्त इंदौर के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए उग्र विरोध प्रदर्शन कर रहे भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष आशुतोष चौकसे समेत करीब 40 कार्यकर्ताओं को बृहस्पतिवार को हिरासत में लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
चश्मदीदों के मुताबिक, शहर के आरएनटी मार्ग पर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य द्वार के सामने हिरासत में लिए जाने से पहले इन कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने उनपर पानी की तेज बौछार की और हल्का बल प्रयोग किया।
चश्मदीदों ने बताया कि यह स्थिति तब बनी, जब प्रदर्शनकारियों ने मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों को धक्का देकर विश्वविद्यालय परिसर में जबरन घुसने की कोशिश की।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस उग्र विरोध प्रदर्शन के दौरान करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया गया।
एनएसयूआई की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद पुलिस ने कांग्रेस की विद्यार्थी शाखा के कार्यकर्ताओं पर बर्बरता से लाठियां बरसाईं जिससे स्वयं उन्हें और कुछ अन्य प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त रामसनेही मिश्रा ने इस आरोप को खारिज किया। उन्होंने कहा, ‘‘व्यस्त आरएनटी मार्ग पर किए जा रहे उग्र विरोध प्रदर्शन के कारण आम लोगों को हो रही परेशानी के मद्देनजर प्रदर्शनकारियों को मौके से खदेड़ा गया। इस दौरान कोई भी प्रदर्शनकारी घायल नहीं हुआ।’’
एनएसयूआई के देवी अहिल्या विश्वविद्यालय प्रभारी विकास नंदवाना ने कहा कि इस छात्र संगठन के कार्यकर्ता विश्वविद्यालय की परीक्षाओं और परिणामों में कथित गड़बड़ियों और अपनी अलग-अलग मांगों को लेकर कुलपति रेणु जैन को ज्ञापन देना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)