देश की खबरें | मप्र : खरगोन में रामनवमी जुलूस पर पथराव के बाद तीन इलाकों में कर्फ्यू, वाहनों में लगाई आग
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में रविवार को रामनवमी के जुलूस पर उपद्रवियों द्वारा किये गये पथराव के बाद आगजनी की घटनाएं हुईं, जिसमें कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद प्रशासन ने शहर के तीन क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया है, जबकि पूरे शहर में धारा 144 लागू कर दी है।
खरगोन (मप्र), 10 अप्रैल मध्यप्रदेश के खरगोन शहर में रविवार को रामनवमी के जुलूस पर उपद्रवियों द्वारा किये गये पथराव के बाद आगजनी की घटनाएं हुईं, जिसमें कुछ वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद प्रशासन ने शहर के तीन क्षेत्रों में कर्फ्यू लगा दिया है, जबकि पूरे शहर में धारा 144 लागू कर दी है।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पथराव के दौरान पुलिसकर्मियों सहित कुछ लोग में घायल हुए हैं।
खरगोन के जिलाधिकारी अनुग्रह पी. ने कहा कि पूरे शहर में सीआरपीसी की धारा 144 लागू कर दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘तालाब चौक एवं टवडी सहित शहर के तीन इलाकों में कर्फ्यू लगाया गया है।’’
अनुग्रह ने बताया कि पथराव के बाद आगजनी की छुटपुट घटनाएं हुई हैं। अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर लोगों के घर से बाहर जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि स्थिति को शीघ्र ही नियंत्रित कर लिया जाएगा।
वहीं, खरगोन के अपर जिलाधिकारी सुमेर सिंह मुजाल्दे ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित तालाब चौक पर रामनवमी का जुलूस निकलते ही कुछ उपद्रवियों ने जुलूस में शामिल लोगों पर पथराव कर दिया। उन्होंने कहा कि इसके चलते पुलिस ने स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े।
उन्होंने कहा कि इसके बाद कुछ अन्य क्षेत्रों में भी पथराव की घटनाएं हुई। मुजाल्दे ने बताया कि इन घटनाओं में पुलिसकर्मियों समेत कुछ लोग घायल भी हुए हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस जुलूस को खरगोन शहर का शायद एक चक्कर मारना था, लेकिन हिंसा को देखते हुए इसे आधे रास्ते में खत्म कर दिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)