देश की खबरें | मप्र: भाजयुमो के प्रदर्शन में कांग्रेस नेता पर ‘‘काली स्याही जैसा पदार्थ’’ फेंकने को लेकर मामला दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इंदौर में कांग्रेस कार्यालय के सामने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के एक नेता पर काली स्याही जैसा पदार्थ फेंकने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
इंदौर (मध्यप्रदेश), 20 दिसंबर इंदौर में कांग्रेस कार्यालय के सामने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के एक नेता पर काली स्याही जैसा पदार्थ फेंकने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार शर्मा ने बताया कि भाजयुमो के बृहस्पतिवार शाम यहां कांग्रेस कार्यालय के घेराव के दौरान कांग्रेस नेता गिरीश जोशी पर कथित रूप से काली स्याही जैसा पदार्थ फेंका गया।
उन्होंने बताया कि इस घटनाक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 133 (किसी व्यक्ति का अपमान करने के इरादे से उस पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग) के तहत बृहस्पतिवार देर रात मामला दर्ज किया गया।
चश्मदीदों ने बताया कि इस घटना के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने पंढरीनाथ पुलिस थाना परिसर में जुटकर प्रदर्शन किया और भजन गाए। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होने तक कांग्रेस नेता देर रात तक थाना परिसर में ही डटे रहे।
कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा की युवा इकाई के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन के नाम पर मुख्य विपक्षी दल के स्थानीय कार्यालय पर हमला किया। भाजपा ने इस आरोप को खारिज किया है।
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने बृहस्पतिवार शाम जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर संसद भवन परिसर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों के साथ धक्का-मुक्की का आरोप लगाते हुए विरोध जताया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 20, 2024 09:04 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

