इंदौर, 27 फरवरी मध्यप्रदेश के इंदौर में ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप पर हारी रकम की भरपाई के लिए एक व्यापारी के अपहरण का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन लोगों को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया और इस शख्स को मुक्त कराया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विनोद कुमार मीना ने संवाददाताओं को बताया कि फिरौती के लिए व्यापारी पवन जैन को 25 फरवरी को अगवा किए जाने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गजराज अहिरवार (32), बाबूलाल अहिरवार (47) और दीवान अहिरवार (30) के रूप में हुई है।
मीना ने बताया कि आरोपियों के मुताबिक जैन ने उन्हें लालच दिया था कि एक ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप के जरिये वह उनकी रकम दोगुनी करा देंगे और उनके झांसे में आकर वे कुल 2.25 लाख रुपये सट्टेबाजी में हार गए थे।
मीना ने बताया, ‘‘आरोपियों ने जब जैन से यह रकम वापस मांगी, तो उन्होंने यह कहते हुए हाथ खड़े कर दिए कि अभी उनके पास धन का कोई इंतजाम नहीं है।’’
डीसीपी के अनुसार, हारी रकम की भरपाई के लिए आरोपियों ने जैन को अगवा कर लिया था और उनकी पत्नी को फोन करके उनकी सकुशल रिहाई के बदले तीन लाख रुपये की फिरौती मांगी थी।
उन्होंने कहा कि आरोपियों ने जैन की पत्नी को फोन पर धमकी दी थी कि फिरौती की रकम अदा नहीं किए जाने पर उनके पति की हत्या कर दी जाएगी।
डीसीपी ने बताया कि तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस, आरोपियों तक पहुंची और जैन को उनके चंगुल से मुक्त कराया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY