देश की खबरें | मप्र : शादी में बंदूक से हर्ष फायर करने पर 15 वर्षीय लड़के की मौत

ग्वालियर (मप्र), 23 अप्रैल मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में एक विवाह समारोह में बंदूक से हर्ष फायर करने के कारण 15 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना जनकगंज इलाके स्थित हरे शिव मैरिज गार्डन में शनिवार-रविवार की रात को हुई।

जनकगंद पुलिस थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि शनिवार को आंतरी गांव से यादव परिवार की बारात जनकगंज इलाके में स्थित हरे शिव मैरिज गार्डन में आई थी। उन्होंने बताया कि यहां रात को करीब एक बजे जैसे ही बारात दरवाजे पर पहुंची, वहां पर एक व्यक्ति ने बंदूक से हर्ष फायर किया।

उन्होंने कहा, ‘‘बंदूक से निकली गोली वहां खड़े एक लड़के प्रियांशु यादव (15) को लगी, जिससे इसमें उसकी मौत हो गई।’’

परिहार ने बताया कि मौत के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

उन्होंने कहा कि यह हर्ष फायर बारात के साथ आए राजेश यादव ने किया था, जो मृत लड़के का चाचा बताया जा रहा है।

परिहार ने बताया कि इस मामले में आरोपी राजेश की तलाश के साथ उस बंदूक को भी खोजा जा रहा है, जिससे फायर किया गया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)