देश की खबरें | मां भारती ने अपने एक गुणी व राष्ट्र के लिए समर्पित पुत्र को खो दिया : शिवराज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न प्रणब मुखर्जी के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनके निधन से मां भारती ने अपने एक गुणी और राष्ट्र के लिए समर्पित पुत्र को खो दिया।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

भोपाल, 31 अगस्त मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न प्रणब मुखर्जी के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि उनके निधन से मां भारती ने अपने एक गुणी और राष्ट्र के लिए समर्पित पुत्र को खो दिया।

चौहान ने ट्वीट किया, ‘‘भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दु:ख हुआ। आज मां भारती ने अपने एक गुणी और राष्ट्र के लिए समर्पित पुत्र को खो दिया।’’

यह भी पढ़े | GDP Decline: जीडीपी गिरावट पर राहुल गांधी बोले- चेतावनी को नजरअंदाज करना दुर्भाग्यपूर्ण.

उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने राजनीति के माध्यम से जो देश और समाज की सेवा की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शन का काम करेगी। कल्याणकारी मुद्दों पर विपरीत विचारधारा के लोगों के साथ सहज संवाद और सामंजस्य बैठाने का उनका गुण उन्हें अन्य नेताओं से अलग करता है।

चौहान ने कहा, ‘‘मुझे श्रद्धेय प्रणब दा से कई बार भेंट और चर्चा का सौभाग्य प्राप्त हुआ। जब भी उनसे मुलाकात हुई, जनता के कल्याण के लिए उन्होंने सुझाव दिये। परिवार के बड़े सदस्य की तरह उन्होंने सदैव मेरा मार्गदर्शन किया। देश की प्रगति व जनता की उन्नति के लिए वे सदैव अभिनव विचारों से भरे रहते थे।’’

यह भी पढ़े | Pranab Mukherjee Dies At 84: पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का 84 साल की उम्र में निधन, देश में 7 के लिए राजकीय शोक की घोषणा.

उन्होंने कहा कि वह राजनीति के अजातशत्रु थे। देश के लिए समर्पित ऐसे दृढ़ इच्छाशक्ति वाले अद्वितीय नेता सदियों में जन्म लेते हैं। प्रणब मुखर्जी के निधन से उत्पन्न विशाल शून्य को कभी भरा न जा सकेगा।

चौहान ने कहा, ‘‘श्रद्धेय प्रणब दा ने केंद्रीय वित्तमंत्री रहते हुए मध्यप्रदेश के विकास में योगदान देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। वे अन्य दलों के नेताओं से भी आत्मीय संबंध रखते थे। उनका जाना हम सभी के लिए और देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। भारत उनके देशप्रेम और जनसेवा को सदैव याद रखेगा।’’

उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति मुखर्जी का सोमवार को दिल्ली के एक सैन्य अस्पताल में निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे और उन्हें 10 अगस्त को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

रावत

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\