देश की खबरें | दिल्ली में सुबह हुई बारिश, बुधवार को मानसून के दस्तक की उम्मीदः आईएमडी

नयी दिल्ली, 22 जून दिल्ली में सोमवार को एक बार फिर सुबह-सुबह बारिश होने से मौसम खुशनुमा हो गया, लेकिन भारी बारिश से शहर के कई इलाकों में पानी भर गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है और राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को मानसून के पहुंचने की उम्मीद है।

यह भी पढ़े | JEE-NEET के मॉक टेस्ट अब हिंदी में भी उपलब्ध, 'नेशनल टेस्ट अभ्यास' ऐप में लॉन्च हुआ ये खास फीचर- ऐसे करें इस्तेमाल.

आईएमडी सफदरजंग वेधशाला में सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में 43.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। लोधी रोड के मौसम स्टेशन में 44.4 मिमि बारिश दर्ज हुई है।

शहर के कई इलाकों और अहम मार्गों पर काफी जलभराव हो गया।

यह भी पढ़े | आतंकवादी हमले की संभावना को लेकर हाई अलर्ट पर दिल्ली पुलिस.

आईएमडी में क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में मानसून पूर्व की बारिश सोमवार और मंगलवार को जारी रह सकती है। मानसून पश्चिम उत्तर प्रदेश को कवर करके बुधवार तक दिल्ली में दस्तक दे सकता है।

मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, दिल्ली में मानसून के जल्दी आने का कारण पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में चक्रवातीय दबाव बनना है जो 19 और 20 जून को दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ा था।

श्रीवास्तव ने कहा, "इसने मानसून को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में मदद की। उम्मीद है कि यह 22-23 जून तक मानसून पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों तक पहुंच जाएगा। "

उन्होंने बताया कि इसके बाद बुधवार से मानसून दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में दस्तक देना शुरू कर देगा।

आईएमडी ने इस बार दिल्ली में 103 प्रतिशत (सामान्य) बारिश का अनुमान जताया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)