देश की खबरें | दिल्ली में एक करोड़ से अधिक टीके की खुराक दी गई : केजरीवाल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में कोरोना वायरस रोधी टीके लगाने की संख्या शनिवार को एक करोड़ से अधिक हो गई और महानगर में पात्र आबादी के 50 प्रतिशत को टीके की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है। यह जानकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी।
नयी दिल्ली, 31 जुलाई दिल्ली में कोरोना वायरस रोधी टीके लगाने की संख्या शनिवार को एक करोड़ से अधिक हो गई और महानगर में पात्र आबादी के 50 प्रतिशत को टीके की कम से कम एक खुराक दी जा चुकी है। यह जानकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि महानगर में और टीके जल्द उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की आबादी करीब दो करोड़ है और उनमें से डेढ़ करोड़ लोग कोविड-19 का टीका लगवाने के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘डेढ़ करोड़ पात्र आबादी में से 74 लाख लोगों को टीका लग चुका है। इसलिए 50 प्रतिशत लोगों को कम से कम एक खुराक टीका दी जा चुकी है। इन 74 लाख लोगों में से 26 लाख को टीके की दोनों खुराक दी जा चुकी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘टीकाकरण अभियान शुरू होने के बाद से दिल्ली में लगाए गए खुराक की संख्या आज एक करोड़ से अधिक हो गई।’’
एक करोड़ से अधिक खुराक लगाने के लिए चिकित्साकर्मियों को बधाई देते हुए केजरीवाल ने कहा कि टीके की काफी किल्लत थी जिस कारण टीकाकरण अभियान तेज नहीं किया जा सका।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारे पास रोजाना तीन लाख टीका लगाने की क्षमता थी। लेकिन टीके की कमी के कारण प्रतिदिन 50 हजार से 80 हजार लोगों को टीका लगाया गया।’’
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र के नियमित संपर्क में है और उम्मीद जताई कि देश के अन्य हिस्सों के साथ यहां भी पर्याप्त संख्या में टीके उपलब्ध होंगे।
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने एक करोड़ टीकाकरण का आंकड़ा पार करने पर चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की प्रशंसा की।
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘दिल्ली ने आज एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। करीब 50 प्रतिशत पात्र आबादी का टीकाकरण हो गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए मैं सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद देता हूं जिन्होंने 74 लाख लोगों को एक करोड़ से अधिक खुराक लगाई है। इनमें 26 लाख लोगों को दोनों खुराक दी गई है।’’
दिल्ली सरकार द्वारा शनिवार को जारी टीकाकरण बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली को अभी तक कोवैक्सीन की 24,74,850 खुराक और कोविशील्ड की 73,18,070 खुराक हासिल हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 31, 2021 10:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

