देश की खबरें | राजस्थान के विधानसभा उपचुनाव में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राजस्थान में शनिवार को वल्लभनगर (उदयपुर) और धरियावद (प्रतापगढ) विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में लगभग 70.41 प्रतिशत मतदान हुआ।
जयपुर, 30 अक्टूबर राजस्थान में शनिवार को वल्लभनगर (उदयपुर) और धरियावद (प्रतापगढ) विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में लगभग 70.41 प्रतिशत मतदान हुआ।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त प्रारंभिक सूचना के अनुसार वल्लभनगर एवं धरियावद विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 70.41 प्रतिशत मतदान हुआ। उनके अनुसार वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 71.45 प्रतिशत एवं धरियावद विधानसभा क्षेत्र में लगभग 69.38 प्रतिशत वोट पड़े।
गुप्ता के अनुसार हालांकि वास्तविक प्रति मतदान आंकड़ा ईवीएम मशीन आने के बाद दिया जा सकेगा। इससे पहले 2018 के विधानसभा चुनाव में वल्लभनगर एवं धरियावद विधानसभा सीटों पर क्रमश: 76.31 प्रतिशत व 78.29 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला था।
उल्लेखनीय है कि धरियावद में भाजपा विधायक गौतम लाल मीणा और वल्लभनगर में कांग्रेस विधायक गजेंद्र सिंह शक्तावत के निधन के कारण चुनाव करवाये जा रहे है। इन दोनों नेताओं का कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया था।
गुप्ता ने बताया कि वल्लभनगर (उदयपुर) एवं धरियावद (प्रतापगढ) निर्वाचन क्षेत्रों में 452 स्थानों पर कुल 638 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्वक मतदान हुआ। इसमें कोरोना संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करवाया गया। मतदान को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया। वल्लभनगर, भीण्डर में आदर्श महिला मतदान केन्द्र पर 100 वर्षीया मोहिनी बाई भी वोट देने पहुंचीं।
दोनों विधानसभा क्षेत्रों के कुल 638 मतदान केन्द्रों में से 119 संवेदनशील मतदान केन्द्र थे जिनमें से कुल 64 संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर लाइव वेबकास्टिंग के जरिए नजर रखी गई । वल्लभनगर निर्वाचन क्षेत्र के 12 एवं धरियावद निर्वाचन क्षेत्र के 14 मतदान केन्द्रों पर माइक्रो पर्यवेक्षक मौजूद रहे।
गुप्ता ने बताया कि उपचुनाव की गतिविधियां शुरू होने के बाद से सम्बद्ध इलाकों में अब तक संबंधित विभागों ने एक करोड़ रुपये से ज्यादा मूल्य की अवैध शराब, नगद राशि, नशीले पदार्थ एवं अन्य सामग्री जब्त की है।मतगणना दो नवंबर को होगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)