एजेंसी न्यूज

श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से उत्तर प्रदेश में आए 51 हजार से अधिक मजदूर

विदेशों में रहने वाले भारतीयों को लेकर पहला विशेष विमान शारजाह से नौ मई को लखनऊ पहुंचेगा। इसमें 200 यात्री अपने खर्चे पर प्रदेश आयेंगे ।

श्रमिक स्पेशल ट्रेनों से उत्तर प्रदेश में आए 51 हजार से अधिक मजदूर
जमात

लखनऊ, सात मई उत्तर प्रदेश में अब तक विभिन्न प्रदेशों से 43 श्रमिक स्पेशल ट्रेनें 51 हजार से अधिक मजदूरों और कामगारों को लेकर आ चुकी हैं तथा अभी 43 से अधिक और ट्रेन प्रदेश में आनी हैं। दूसरे प्रदेशों से श्रमिकों को लेकर ट्रेनों का आने का सिलसिला जारी है ।

विदेशों में रहने वाले भारतीयों को लेकर पहला विशेष विमान शारजाह से नौ मई को लखनऊ पहुंचेगा। इसमें 200 यात्री अपने खर्चे पर प्रदेश आयेंगे ।

अपर मुख्य सचिव (गृह और सूचना) अवनीश अवस्थी ने बृहस्पतिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश के लिए लगातार श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अभी तक 43 से अधिक ट्रेन आ चुकी हैं या आने वाली हैं। बृहस्पतिवार रात 12 बजे तक 13 और ट्रेनों के आने की संभावना उन्होंने व्यक्त की है।

उन्होंने बताया कि आगरा, कानपुर, लखनऊ, जौनपुर, बलिया, गोरखपुर, बरेली, प्रयागराज, कन्नौज, बाराबंकी, बांदा, सीतापुर, प्रतापगढ़, आजमगढ़ और उन्नाव में ट्रेनें प्रवासियों को लेकर आई हैं।

अवस्थी के मुताबिक अब तक आने वाली 43 ट्रेनों में 51 हजार 371 लोग आए हैं। उन्होंने संभावना जताई कि आने वाली 13 अन्य ट्रेनों में करीब 15 हजार श्रमिक आ सकते हैं।

अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार या उसके बाद 43 अन्य अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की अनुमति दे दी गई है। इनमें भी 53 हजार से अधिक लोग आ सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रवासी कामगारों व श्रमिकों को लाने के लिए 99 ट्रेनों की व्यवस्था की गई है।

अपर मुख्य सचिव, गृह ने बताया कि रोडवेज की बसों से राजस्थान से 10 हजार लोगों को लाने का काम शुरू कर दिया गया है। अब तक एक लाख श्रमिकों व कामगारों को लाने व ले जाने का कार्य हुआ है।

उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र सरकार से प्रति दिन 10 ट्रेन भेजने का आग्रह किया गया है। पंजाब से भी 17 ट्रेनों को उत्तर प्रदेश में श्रमिकों को लाने की अनुमति दी गई है, इन 17 में 4 ट्रेन आ चुकी हैं। केरल से पहली ट्रेन लखनऊ पहुंच गई है। तेलंगाना से 2 ट्रेनें आ गई हैं।

अवस्थी ने बताया कि आने के बाद सभी कामगारों व श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच के बाद जिन्हें भी घर में पृथक रहने के लिए भेजा जा रहा है उन्हें भरण-पोषण के लिए एक हजार रुपया और मानक के अनुसार खाद्यान्न भी उपलब्ध कराने का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है।

अपर मुख्य सचिव, गृह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विदेशों से आने वालों लोगों के लिए भी निर्देश जारी किया है। विदेश मंत्रालय की सहायता से दूसरे देशों से लोगों को लाने का काम शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में 9 मई की शाम 8 बजे पहला विमान शारजाह से आएगा। 200 लोगों को लेकर यह विमान लखनऊ में उतरेगा। आने वाले लोगों को 14 दिन पृथक-वास में रहने के बाद ही घर भेजा जाएगा।

उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक राजशेखर ने बताया कि बेंगलुरु से 1192 श्रमिकों को लेकर एक ट्रेन बृहस्पतिवार सुबह लखनऊ पहुंची। श्रमिकों को जांच के बाद 43 सरकारी बसों से सोनभद्र, गाजीपुर, गोंडा, बलरामपुर, प्रतापगढ़, अमरोहा, अंबेडकर नगर, मुरादाबाद, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया रवाना किया गया।

उन्होंने बताया कि इसी तरह हैदराबाद से चलकर एक ट्रेन 1079 श्रमिकों को लेकर गुरूवार सुबह बाराबंकी पहुंची । इन सभी श्रमिको का स्वास्थ्य परीक्षण कर इन्हें 40 बसों के माध्यम से हरदोई, लखनऊ, सीतापुर और लखीमपुर रवाना किया गया ।

इसी तरह बुधवार देर रात पंजाब के जालंधर से 1164 यात्रियों को लेकर एक ट्रेन लखनऊ पहुंची । इन श्रमिकों को 38 बसों के माध्यम से विभिन्न जनपदों में उनके गंतव्य पहुंचाया गया ।

राजशेखर ने बताया कि केरल के एर्नाकुलम से चलकर एक श्रमिक स्पेशल ट्रेन बृहस्पतिवार को दोपहर लखनऊ पहुंची । इस ट्रेन में 1072 श्रमिक सवार थे । सभी का मेडिकल परीक्षण कराकर 40 सरकारी बसों के जरिये इन्हें इनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया ।

बलिया से प्राप्त खबर के अनुसार गुजरात के राजकोट से बारह सौ तिहत्तर लोगों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन बृहस्पतिवार दोपहर बलिया रेलवे स्टेशन पहुंची। सभी को जांच के बाद रोडवेज की बसों से उनके गन्तव्य स्थान के लिए रवाना कर दिया गया।

अमेठी से प्राप्त खबर के अनुसार गुजरात के साबरमती, अहमदाबाद, से श्रमिक स्पेशल ट्रेन 1212 प्रवासी श्रमिकों को लेकर बृहस्पतिवार को अमेठी रेलवे स्टेशन पहुंची। इस मौके पर जिलाधिकारी अरूण कुमार एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग मौजूद थीं।

जिलाधिकारी अरूण कुमार ने बताया कि ट्रेन मे 1212 लोग 42 जनपदों के है और उन्हें पहुंचाने के लिए 50 बसों की व्यवस्था की गयी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 09:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).