देश की खबरें | दिल्ली के 45 से अधिक स्कूलों और तीन कॉलेज को मिली बम की धमकी, छात्र और अभिभावक दहशत में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के 45 से अधिक स्कूलों और तीन कॉलेजों को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकियां ईमेल के जरिए भेजी गईं जिसके बाद छात्रों और अभिभावकों में दहशत फैल गई।
नयी दिल्ली, 18 जुलाई दिल्ली के 45 से अधिक स्कूलों और तीन कॉलेजों को शुक्रवार सुबह बम से उड़ाने की धमकियां ईमेल के जरिए भेजी गईं जिसके बाद छात्रों और अभिभावकों में दहशत फैल गई।
इस हफ्ते यह चौथा दिन है जब राष्ट्रीय राजधानी के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस और विभिन्न त्वरित प्रतिक्रिया प्राधिकारियों ने तलाश और निकासी अभियान चलाया।
इन संस्थानों को ईमेल के माध्यम से धमकियां मिलने पर पुलिस, बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्तों के साथ तथा अग्निशमन विभाग के कर्मी स्कूलों और कॉलेजों की ओर रवाना हुए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों से प्राप्त नवीनतम जानकारी के अनुसार जिन तीन कॉलेजों को ऐसी धमकियां मिली हैं, वे हैं इंद्रप्रस्थ (आईपी) महिला कॉलेज, हिंदू कॉलेज और उत्तरी दिल्ली स्थित श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी)।
इससे पहले कई जिलों के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी।
द्वारका में छह स्कूलों - सेंट थॉमस स्कूल, जीडी गोयनका स्कूल, डीआईएस एज स्कूल, मॉडर्न इंटरनेशनल स्कूल, द्वारका इंटरनेशनल स्कूल और ला पेटिटे मोंटेसरी के प्रशासन ने धमकियां मिलने की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद, इन स्कूलों में बचाव अभियान शुरू किया गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ईमेल में कहा गया, ‘‘ नमस्ते। मैं आपको बताना चाहता हूं कि मैंने स्कूल के कक्षों में कई विस्फोटक उपकरण (ट्राईनाइट्रोटोल्यूइन) रखे हैं। विस्फोटकों को काले प्लास्टिक बैग में बड़ी कुशलता से छिपाया गया है।’’
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) अंकित सिंह ने बताया कि हालांकि द्वारका के स्कूलों में अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।
इसी तरह रोहिणी में सेक्टर 3 में एमआरजी स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर 24 में सॉवरेन पब्लिक स्कूल और हेरिटेज पब्लिक स्कूल, सेक्टर 9 में दिल्ली इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, सेक्टर 3 में अभिनव पब्लिक स्कूल और हेरिटेज स्कूल के अधिकारियों को परिसर में विस्फोटक उपकरणों की मौजूदगी वाला ईमेल मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया जिसके बाद स्कूल को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
पीतमपुरा (मैक्सफोर्ट जूनियर स्कूल और गुरु नानक स्कूल) और पश्चिम विहार (रिचमंड स्कूल और दून पब्लिक स्कूल) के स्कूलों में भी ऐसे ईमेल प्राप्त होने के बाद तनाव का माहौल रहा।
एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, साइबर कर्मियों ने अपना काम शुरू कर दिया है और इन खतरों के स्रोत का पता लगा रहे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी के अन्य हिस्सों के स्कूलों में भी इसी तरह की गहमा-गहमी रही।
दक्षिण दिल्ली स्थित समरफील्ड इंटरनेशनल स्कूल, भारती पब्लिक स्कूल (स्वास्थ्य विहार), हमदर्द पब्लिक स्कूल (संगम विहार), सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल (राज निवास मार्ग), नॉर्थ दिल्ली पब्लिक स्कूल (शालीमार बाग), न्यू दिल्ली पब्लिक स्कूल (विकासपुरी), मीरा नर्सरी स्कूल (जनकपुरी), प्रूडेंस स्कूल, द इंडियन स्कूल (सादिक नगर), दिल्ली पब्लिक स्कूल (मथुरा रोड), मैटर डे स्कूल (तिलक लेन) भी उन 45 स्कूलों में शामिल हैं जिन्हें ईमेल से धमकी दी गई है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली जैन पब्लिक स्कूल (पालम), जूनियर दिल्ली स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल (आर के पुरम, ईस्ट ऑफ कैलाश और वसंत विहार), द ब्रिटिश स्कूल (चाणक्यपुरी), दिल्ली सिटी स्कूल (बवाना), फेथ अकादमी (प्रसाद नगर), एमिटी इंटरनेशनल स्कूल (साकेत), कैम्ब्रिज फाउंडेशन स्कूल (राजौरी गार्डन), बिग फेदर इंटरनेशनल स्कूल, कुलाची हंसराज मॉडल स्कूल (अशोक विहार) को भी धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए हैं।
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा, ‘‘आज 20 से ज्यादा स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है! जरा सोचिए कि बच्चे, अभिभावक और शिक्षक किस स्थिति से गुजर रहे होंगे।’’
आतिशी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ दिल्ली में शासन के सभी चार इंजनों पर भाजपा का नियंत्रण है फिर भी वह हमारे बच्चों को सुरक्षा प्रदान करने में सक्षम नहीं है! यह हैरान करने वाला है।’’
कई सुरक्षा एजेंसियों ने बृहस्पतिवार को किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी की जांच के लिए 10 स्थानों पर मॉक ड्रिल की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2025 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

